बिहार के बारह जिले में 02 से 07 अक्टूबर तक ग्राहक मेला शिविर का आयोजन कर त्योहार के मौसम में लोगों को बैंक से ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री सुशील कुमार मोदी ने आज यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि केंद्र सरकार ने अर्थव्यवस्था को और गति प्रदान करने के उद्देश्य से आर्थिक क्षेत्र में लगातार सुधार कर रही है। बैंकों द्वारा त्योहार के मौसम में देश के 400 जिलों में ग्राहक मेला शिविर दो चरणों में लगाया जाएगा।
श्री मोदी ने कहा कि पहले चरण में 02 से 07 अक्टूबर के दौरान देश के ढाई सौ जिले में तथा दूसरे चरण में डेढ़ सौ जिलों में 19 से 21 अक्टूबर के बीच शिविर लगाया जाएगा। इस अवधि में पहले चरण में बिहार के मुजफ्फरपुर, मधेपुरा, शेखपुरा, दरभंगा, कटिहार, गया, नवादा, पटना, पूर्णिया, बेगूसराय और समस्तीपुर जिले में शिविर का आयोजन किया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शिविर में लोगों को खुदरा, कृषि, वाहन, घर, लघु एवं कुटीर, उद्योग, शिक्षा, व्यक्तिगत उपभोक्ता ऋण संबंधी जानकारी एवं ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि 45 लाख रुपए तक के घर लेने के लिए 31 मार्च 2020 तक के लिए ऋणों के ब्याज पर डेढ़ लाख रुपए तक की छूट मिलेगी।


Download Android App
Download iOS App



