केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष राम विलास पासवान ने मंगलवार को अपने बेटे चिराग पासवान को पार्टी की बिहार इकाई का कार्यवाहक अध्यक्ष घोषित करके संकेत दिया कि पार्टी में पीढ़िगत बदलाव होने वाला है। इस तरह की भी अटकलें हैं कि चिराग पासवान को उनके पिता की जगह जल्द पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है।
संवाददाताओं ने जब राम विलास पासवान से इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि पार्टी 28 नवंबर को अपने स्थापना दिवस समारोह में नेतृत्व पर निर्णय लेगी। उन्होंने कहा, ‘‘यह तय है कि नयी पीढ़ी पार्टी की कमान संभालने आगे आएगी।’’ लोजपा की बिहार इकाई के कार्यवाहक अध्यक्ष के तौर पर चिराग पासवान अपने चाचा पशुपति कुमार पारस की जगह लेंगे।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव : चंद्रकांत पाटिल का बड़ा बयान, कहा- ‘गठबंधन भी होगा और प्रदेश में 220 सीटें भी जीतेंगे’
पारस को राम विलास पासवान के एक और भाई राम चंद्र पासवान के निधन के बाद लोजपा की इकाई दलित सेना का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। चिराग (35) दूसरी बार बिहार की जमुई लोकसभा से सांसद बने हैं। उन्हें पार्टी में अपने पिता का उत्तराधिकारी माना जाता है।
सत्तारूढ़ राजग में भाजपा की सहयोगी लोजपा के लोकसभा में पांच सदस्य हैं। राजग ने रामचंद्र पासवान के निधन के बाद खाली हुई समस्तीपुर लोकसभा सीट से अपने उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया है। संभावना व्यक्त की जा रही है कि राम चंद्र के बेटे प्रिंस राज उपचुनाव में किस्मत आजमाएंगे जो 21 अक्टूबर को होगा।


Download Android App
Download iOS App



