बिहार विधानसभा चुनाव के लिए चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी ने शुक्रवार को 53 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी ।
लोजपा ने दूसरी सूची में जिन प्रमुख नेताओं को टिकट दिया है, उनमें मधुबनी से अरविंद कुमार, साहेबगंज से कृष्ण कुमार सिंह, वैशाली से अजय कुमार कुशवाहा, खगड़िया से रेणु कुमारी और राजगीर (सु.) से मंजू देवी शामिल हैं ।
भागलपुर से लोजपा ने राजेश वर्मा को टिकट दिया है और इस सीट से भाजपा ने रोहित पांडे को अपना उम्मीदवार बनाया है ।लोजपा ने अलौली से रामचंद्र सदा को टिकट दिया है । लोजपा ने तेजस्वी यादव के खिलाफ राघोपुर से राकेश रौशन को टिकट दिया है ।
चिराग पासवान ने अपने ट्वीट में लोजपा के सभी प्रत्याशियों को बधाई दी और कहा ‘बिहार के आने वाले भविष्य लिए आप सभी का जीतना ज़रूरी है।’
उन्होंने कहा, ‘‘ जदयू को वोट देने का मतलब बिहार को पीछे धकेलना है ।लोजपा ना सिर्फ़ चुनाव लड़ रही है बल्कि जीत के आएगी और #बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट लागू करेगी।’’
चिराग ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘ ज़ुल्म करो मत, ज़ुल्म सहो मत । जीना है तो मरना सीखो, हर कदम पर लड़ना सिखों।’’
गौरतलब है कि चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी बिहार चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से अलग होकर चुनाव लड़ रही है। चिराग पासवान ने कहा है कि उन्हें नीतीश कुमार का नेतृत्व स्वीकार नहीं है हालांकि भाजपा के प्रति उनके रूख में नरमी है।
बिहार में तीन चरणों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं जिसमें पहले चरण के लिये 28 अक्टूबर को मतदान होगा जबकि दूसरे चरण के लिये 3 नवंबर और तीसरे चरण के लिये सात नवंबर को मतदान होगा ।


Download Android App
Download iOS App



