भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शुक्रवार को कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीतिक संस्कृति बदल दी है। उन्होंने कहा कि अब जात पर न पात पर, जनता को रिपोर्ट कॉर्ड दिखाना पड़ता है।
बिहार के बांका में तथा नवादा के हिसुआ में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2014 के पहले चुनाव के भाषणों में एक दूसरों पर आरोप-प्रत्यारोप, जातिवाद, लड़ाई-झगड़े को बढ़ावा देना, समाज को तोड़ने का प्रयास होता था। नरेंद्र मोदी के आने के बाद देश की राजनीतिक संस्कृति बदली है। अब जनता को अपने काम का रिपोर्ट कार्ड दिखाना होता है।
उन्होंने नारा देते हुए कहा कि, ‘जात पर न पात पर, वोट दिया जाएगा विकास पर।’
भाजपा अध्यक्ष ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को अपना वोट देने की अपील करते हुए कहा, हमें विकास की तरफ चलना है, भूलना नहीं है कि 15 वर्ष पहले किस तरह अंधेरगर्दी थी। हमें लालटेन-राज को भुलाकर एलईडी राज में रहना है।
नड्डा ने लोगों को सावधान करते हुए कहा कि, ‘राजद तो मात्र एक मुखौटा है, असल में तो माले ने कब्जा कर लिया है। यह राजद नहीं रहेगा, बल्कि आगे चलकर इससे विध्वंसकारी ताकतों को बल मिलेगा, क्योंकि राजद में उनकी घुसपैठ हो चुकी है।’
कोरोना काल के दौरान किए गए कार्यो की चर्चा करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि, ‘कोरोना वायरस महामारी में मोदी जी ने साहसी निर्णय लेते हुए समय पर लॉकडाउन लगाया और देश में स्वास्थ्य संसाधनों को मजबूत किया तथा देशवासियों का जीवन सुरक्षित किया।’


Download Android App
Download iOS App



