बिहार में बुधवार को करमा एकादशी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस दौरान मुंगेर और नवादा जिले में पर्व की खुशी मातम में बदल गई जब स्नान करने गए सात लोगों की पानी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मुंगेर जिले में करमा पर्व को लेकर स्नान करने गए एक ही परिवार के तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि बरियारपुर प्रखंड अंतर्गत झौआ बहियार गांव स्थित पासवान टोला निवासी मणिकांत पासवान के परिवार के चार सदस्य भाई-बहन के त्योहार करमा को लेकर गंगा स्नान करने गए थे।
गहरे पानी में डूबने से मौत
स्नान के दौरान गहराई का अंदाजा नहीं मिलने के कारण पहले एक बच्ची गहरे पानी में डूबने लगी। बच्ची को डूबते देख अन्य दो लोग भी गहरे पानी में उतर गए। इस घटना में तीनों लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान मणिकांत पासवान की पत्नी लक्ष्मी देवी, उनके पुत्र निशीकांत कुमार और उनकी भतीजी प्रिया के रूप में हुई है। सभी शवों को नदी से बाहर निकाल लिया गया है और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
एक ही परिवार से चार लोगों की मौत
इधर, नवादा जिले के पकरीबरावां प्रखंड अंतर्गत दत्तरौल गांव में करमा पूजा के लिए गांव स्थित कला तालाब में स्नान करने के दौरान गहरे पानी में डूबने से चार लोगों की मौत हो गई। सभी एक ही परिवार के बताए जाते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, कृष्णा पासवान के परिवार के सदस्य तालाब में स्नान करने गए थे। इस दौरान चार लोग गहरे पानी में उतर गए। पानी में डूबने से चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में कृष्णा पासवान की बेटी पूजा कुमारी और अंबिका कुमारी तथा कृष्णा पासवान के चाचा की बहू ज्योति देवी और उसकी पुत्री खुशी कुमारी शामिल हैं। घटना के बाद से गांव में मातम पसर गया है।


Download Android App
Download iOS App



