सीएम भगवंत मान के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे अरविंद केजरीवाल

सीएम भगवंत मान के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे अरविंद केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल गुरुवार को पंजाब के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा ने मी़डिया से बातचीत में कहा कि पंजाब और उत्तर भारत इस समय भीषण प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे हैं। पंजाब में पिछले कई दशकों में इतनी विनाशकारी बाढ़ नहीं देखी गई, जिसके चलते लाखों एकड़ फसलें बर्बाद हो गईं और लाखों लोग बेघर हो गए। सरकार हर संभव प्रयास कर रही है, जिसमें विधायक, मंत्री और मुख्यमंत्री भगवंत मान स्वयं मैदान में उतरे हैं।

केजरीवाल का पंजाब दौरा

ढांडा ने कहा कि पंजाब ने हमेशा देश के संकट में साथ दिया है, और अब देश की जिम्मेदारी है कि इस मुश्किल घड़ी में पंजाब का साथ दे। उन्होंने बताया कि आप संयोजक अरविंद केजरीवाल गुरुवार को पंजाब दौरे पर आएंगे और भगवंत मान के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेंगे, राहत कार्यों की समीक्षा करेंगे और जहां जरूरत होगी, मदद पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पार्टी पंजाब में बाढ़ संकट से निपटने के लिए पूरी ताकत से जुटी हुई है।

आप विधायक और कार्यकर्ता पहुंचेंगे पंजाब

केजरीवाल के दिशा-निर्देश के अनुसार, दिल्ली के आप विधायक और कार्यकर्ता भी पंजाब में राहत कार्यों में सेवा के लिए पहुंचेंगे। पार्टी के सभी सांसद और विधायक अपनी एक महीने की सैलरी पंजाब मुख्यमंत्री बाढ़ राहत कोष में दान कर रहे हैं, जिसका उपयोग प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और राहत कार्यों में किया जाएगा। आर्थिक मदद पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर पंजाब का 60,000 करोड़ रुपये का रुका हुआ फंड तुरंत जारी करने की मांग की है ताकि राहत और पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाई जा सके।

शिवराज सिंह का पंजाब दौरा

उन्होंने कहा कि सिर्फ आश्वासन से काम नहीं चल सकता है, क्योंकि इस वक्त पंजाब को उसके रुके हुए पैसे की सख्त जरूरत है। उन्होंने कहा कि हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश और बाढ़ ने तबाही मचाई है। ढांडा ने सुझाव दिया कि हरियाणा सरकार को अलर्ट मोड पर रहकर समय रहते राहत कार्यों की तैयारी कर लेनी चाहिए, ताकि नुकसान को कम किया जा सके। उन्होंने प्राकृतिक आपदा को अपरिहार्य बताते हुए कहा कि असली चुनौती यह है कि हम कितनी जल्दी उठकर खड़े हो सकते हैं। केंद्र सरकार से ठोस आर्थिक मदद की घोषणा की उम्मीद की जा रही है। उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के दौरे को लेकर कहा कि राजनीतिक दौरे के बजाय आर्थिक सहायता की ठोस घोषणा करनी चाहिए ताकि पंजाब को दोबारा खड़ा करने में मदद मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

Related Posts

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।