बिहार : राजभूषण चौधरी निषाद समेत VIP के कई प्रमुख नेता BJP में हुए शामिल

Summary :

एनडीए में कुछ दिन पूर्व तक सहयोगी रही वीआईपी पार्टी को उस समय एक और झटका लगा जब उनके दल के कई वरिष्ठ नेताओं ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली।

बिहार में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के कई प्रमुख नेताओं ने बीजेपी का दामन थाम लिया है। वीआईपी नेता राजभूषण चौधरी निषाद तथा शम्स आलम उर्फ गुड्डू सहित उनके दर्जनों समर्थकों ने शुक्रवार को बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली। 
पटना स्थित बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक समारोह में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, नित्यानंद राय तथा प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने वीआईपी के राजभूषण चौधरी निषाद तथा शम्स आलम उर्फ गुड्डु को बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करवाई। 
पार्टी में वीआईपी के नेताओं का स्वागत करते हुए भूपेन्द्र यादव ने कहा कि अति पिछड़े के लोग बीजेपी से लगातार जुड़ रहे हैं। केन्द्र की मोदी सरकार अति पिछड़े एवं गरीबों के लिए लगातार काम कर रही है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि वीआईपी के प्रमुख के मछुआरा समाज विरोधी कार्य से लोग नाराज हैं।

बिहार: राजनीतिक दलों को अपनों ने ही दिया दगा! समझें विधान परिषद चुनाव का पूरा सियासी गणित

उन्होंने कहा कि अपने मंत्री काल में उन्होंने जो किया था, उससे नाराज होकर चैधरी बीजेपी  की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि वीआईपी अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष शस्म आलम गुड्डू समेत जिला के सभी अल्पसंख्यक नेता बीजेपी में शामिल हुए हैं। 
बीजेपी नेता ने दावा करते हुए कहा कि वीआईपी के 90 प्रतिशत कार्यकर्ता जल्द ही बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उल्लेखनीय है कि कुछ ही दिन पूर्व वीआईपी के तीन विधायक बीजेपी में शामिल हो गए थे और फिर वीआईपी के प्रमुख मुकेश सहनी को भी नीतीश मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया गया था। 
माना जा रहा है कि बीजेपी सहनी से उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री के खिलाफ दिए गए बयानों से नाराज है। वीआईपी बोचहा विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव में भी भाग्य आजमा रही है।

Desk Team