बिहार के मुजफ्फरपुर के सरैया प्रखंड के एक गांव से तीन तलाक का मामला सामने आया है। शुक्रवार को पंचायत में सुनवाई के दौरान पति से तलाक की बात सुनते ही पत्नी ने पति की पिटाई कर दी। वही, मौके पर उपस्थित लोगों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
घटना मुजफ्फरपुर के सरैंया प्रखंड के बसंतपुर उत्तरी पंचायत का है। जहां पति तीन बार तलाक बोलता है जिसके बाद पत्नी ने अपना कबूलनामा थप्पड़ से दिया है। दरअसल, वायरल वीडियो में लड़का जैसे ही लड़की को तलाक, तलाक, तलाक कहता है, सामने बैठी लड़की कुर्सी से उठती है और लड़के पर थप्पड़ बरसाने लगती है। हालांकि पति भी इसके बाद शांत नहीं रहा और पलट कर उसने भी लड़की को थप्पड़ लगा दिया। ये देख मौके पर उपस्थित कथित पंच लड़के व लड़की को अलग करते हैं।
बता दें कि यह पूरा मामला भरी पंचायत में हुआ है। बताया जाता है कि परिवारिक कलह के बाद पति पत्नी के बीच तलाक का फैसला लिया गया। जानकारी के मुताबिक, लड़का पहले सरैया में मोबाइल दुकान चलाता था। विवाद के बाद उसने दूसरी जगह दुकान खोल ली है।
पंचायत में उपस्थित लोगों का कहना है कि 2014 में ईद के दिन साहेबगंज थाना के एक गांव का लड़का उक्त लड़की को बहला फुसला कर ले गया था। पूरी रात लड़की गायब रही। अगले दिन लड़का और लड़की पक्ष के लोगों की मौजूदगी में दोनों की निकाह एक मौलवी ने कराई थी। हालांकि एक महीने के बाद ही लड़का लड़की को छोड़ दिया और बाद में दूसरी लड़की से निकाह कर ली।
इसके बाद मामले में लड़की पक्ष की ओर से कोर्ट में परिवाद दायर किया गया जिसके आधार पर मामले में सरैया थाने में एफआईआर हुई। अबतक मामले में चार केस हो चुके हैं। उसी मामले को सलटाने के लिए दोनों पक्षों की तरफ से पंचायत बुलाई गई थी। इसमें साहेबगंज से लड़का व उसके पक्ष के लोग पहुंचे थे।
बात बढ़ने पर पंचों की सहमति से लड़का उठा और तलाक, तलाक, तलाक बोलने लगा। इससे आक्रोशित लड़की ने उसकी पिटाई कर दी। बाद में दोनों पक्षों ने एक सममति पत्र पर हस्ताक्षर किया और आगे पंचायत के माध्यम से ही मामले को सुलझाने का निर्णय लिया। वहीं, थानाध्यक्ष एसएस गुप्ता ने बताया कि वायरल वीडियो उनके पास भी आया है। लेकिन अब तक किसी पक्ष ने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी है।


Download Android App
Download iOS App





