‘बिहारी गुंडा’ कहे जाने पर निशिकांत दुबे का जवाब, बोले-TMC को हिंदी भाषी लोगों से एलर्जी

Summary :

बीजेपी से लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे ने टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा पर आरोप लगाया है कि उन्होंने उन्हें तीन बार ‘बिहारी गुंडा’ कहा।

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे ने टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा पर आरोप लगाया है कि उन्होंने उन्हें तीन बार ‘बिहारी गुंडा’ कहा। बीजेपी सांसद ने इसे बिहार के स्वाभिमान पर हमला बताते हुए टीएमसी सांसद से माफ़ी मांगने को कहा है।
बीजेपी सांसद दुबे ने ट्वीट कर लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला से कहा कि “अपने 13 साल के संसदीय जीवन में पहली बार अपशब्द सुना। तृणमूल कांग्रेस की सदस्य महुआ मोइत्रा ने आईटी कमेटी की मीटिंग में उन्हें तीन बार ‘बिहारी गुंडा’ कहा। ओम बिरला जी, शशि थरूर जी ने इस संसदीय परंपरा को खत्म करने की सुपारी ले रखी है।”


निशिकांत दुबे ने लिखा, टीएमसी को सभी हिंदी भाषी लोगों से एलर्जी है इसलिए उन्होंने मुझे ‘बिहारी गुंडा’ कहा। यह बिहार के स्वाभिमान पर हमला है। मैंने सभी तथ्य अध्यक्ष को सौंप दिए हैं। उन्हें (महुआ मोइत्रा) माफी मांगनी चाहिए।

इस मामले में उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री को टैग करते हुए लिखा, ममता बनर्जी जी का हिंदी भाषी लोगों के प्रति नफ़रत उजागर हुआ। हिंदी भाषी इस अपमान का बदला लेगा। अपने लम्बे संसदीय जीवन में पहली बार आईटी कमेटी व खासकर महिला सदस्य को गाली गलौज करते देखा, बंगाल की स्थिति समझी जा सकती है जब दिल्ली में सांसद को धमकी दी जा रही है।

Desk Team