बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री मदन लाल खुराना के निधन पर शोक जताया। मुख्यमंत्री ने सांसद वीणा सिंह के पुत्र आशुतोष कुमार सिंह की सड़क दुर्घटना में हुई असामयिक मृत्यु पर भी गहरी शोक संवेदना जताई है।
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नीतीश ने अपने शोक-संदेश में कहा है कि मदन लाल खुराना के रूप में देश ने एक बड़े व्यक्तित्व को खो दिया है। मदन लाल खुराना ने दिल्ली के मुख्यमंत्री के तौर पर अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया था।
इसके अलावा राज्यपाल के तौर पर भी अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए उन्होंने हमेशा संसदीय लोकतंत्र की मजबूती की बात की। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
नीतीश ने सांसद वीणा सिंह एवं पूर्व सांसद सूरजभान सिंह के पुत्र आशुतोष कुमार सिंह की सड़क दुर्घटना में हुई असामयिक मृत्यु पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है । उन्होंने दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवार को धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।


Download Android App
Download iOS App



