बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज यहां बकरीद पर्व को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। श्री कुमार ने एक अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक के दौरान राज्य के मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक को एहतियात के तौर पर सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील वायरल वीडियो को लेकर भी सतर्क रहने और इस संबंध में समुचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी जिलों में भी सोशल मीडिया का अनुश्रवण एक टीम के माध्यम से कराया जाय। उन्होंने कहा कि सावन का अंतिम सोमवार बकरीद के दिन यानी 12 अगस्त को ही है इसलिये विशेष सतर्कता की आवश्यकता है।
विधि व्यवस्था संधारित करने के लिए थाना, अनुमण्डल एवं जिला स्तर पर शांति समिति की बैठक अवश्य सुनिश्चित करायी जाय। उन्होंने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को कल जिलों के जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ इस सबंध में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर वस्तु स्थिति की समीक्षा करने का निर्देश दिया।
बैठक में मुख्य सचिव दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्तर पाण्डेय, अपर मुख्य सचिव गृह आमिर सुबहानी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक जे0एस0 गंगवार, जितेन्द, कुमार एवं अमित कुमार उपस्थित थे।


Download Android App
Download iOS App



