नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ देश में जारी विरोध प्रदर्शन के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार इकाई के अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने आज कहा कि इस कानून से किसी को डरने की जरूरत नहीं है।
डॉ. जायसवाल ने यहां अपने आवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस कानून को लेकर विपक्षी दल आम जनता को गुमराह करने में लगे है। उन्होंने कहा, ‘‘नागरिकता संशोधन कानून को लेकर देश में जो कुछ भी हो रहा है मैं उसकी भर्त्सना करता हूँ। विरोधी दल अफवाह फैलाकर राजनीति कर रहे हैं।
सीएए को लेकर के जो झूठा प्रचार किया जा रहा है, उसकी जितनी निंदा की जाए कम है।’’ भाजपा सांसद ने कहा कि साल 2014 से पहले तीन देशों के लोग जो धार्मिक भावनाओं के कारण प्रताड़ना का शिकार होकर अपने घर एवं जमीन जायदाद को छोड़कर भारत में आए हैं तो यह सरकार की जिम्मेदारी है कि हम उन्हें शरण दें। इस कानून को लेकर इस बात को प्रचारित करना कि यहां हर किसी को अपने नागरिक होने का सर्टिफिकेट देना पड़गा, दरअसल विपक्ष के झूठे कूटनीतिक मानसिकता को दर्शाता है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव-2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिस तरह से विरोधी दलों को हार मिली है और प्रचंड जीत के बाद केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार जनता से किये अपने वादों को जिस तरह से पूरा कर रही है उससे विपक्ष के लोग घबराए हुए है। चाहे बात कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने की हो, अयोध्या में राम मन्दिर की हो या फिर विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की हो। उन्होंने कहा कि इस कानून को लेकर विरोधी दलों का प्रयास कभी सफल नहीं होगा।


Download Android App
Download iOS App



