पटना व्यवहार न्यायालय में पिछले पांच दिनों से चली आ रही वकीलों की हड़ताल आज समाप्त हो गयी। वकील और पुलिस के बीच हुए विवाद को लेकर पिछले पांच दिनों से पटना व्यवहार न्यायालय के वकील न्यायिक कार्यो से अलग थे। हड़ताल की सूचना मिलने के बाद पटना उच्च न्यायालय ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश को सभी पक्षों के साथ बैठक कर विवाद का अविलंब निपटारा कर न्यायालय का कार्य सुचारू चलाने का निर्देश दिया था।
इसके बाद जिला न्यायाधीश ने नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य), जिला अधिवक्ता संघ (पटना) के पदाधिकारियों एवं प्रधान न्यायाधीश एवं अन्य न्यायाधीशों की उपस्थिति में बैठक कर मामले का 03 अप्रैल को आपसी सहमति से निपटारा कर दिया था।
बैठक के निर्णय की प्रति सभी पक्षों को दे दी गयी थी। उक्त निर्णय के आलोक में संघ की आज यहां आपातकालीन बैठक हुई जिसमें वकीलों ने अपनी हड़ताल खत्म करते हुए कल 05 अप्रैल से काम पर लौटने का निर्णय लिया है।
गौरतलब है कि अदालत में पेशी के लिए लाये गये अभियुक्त से बातचीत करने के प्रश्न पर वकीलों और पुलिस के बीच झड़प हो गयी थी। इसके बाद जिला न्यायाधीश एवं पुलिस के वरीय अधिकारियों के हस्तक्षेप से मामला किसी तरह सुलझ गया था लेकिन वकील दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई के दिये गये आश्वासन के पूरा नहीं होने और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की अफवाह के बाद आक्रोशित होकर 30 मार्च से हड़ताल पर चले गये।


Download Android App
Download iOS App



