बाजारों एवं दुकानों में जाने वाले लोग सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन करें : नीतीश कुमार

Summary :

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां-जहां संदिग्ध कोरोना मरीजों का सम्पर्क क्षेत्र पता चलता है उन इलाकों में अधिक से अधिक लोगों की गहन स्क्रीनिंग की जाए। जिन क्षेत्रों में कोरोना के मरीज पाए जा रहे हैं, वहां सघन अभियान चलाकर कोरोना मरीजों का कांटेक्ट ट्रेस का तेजी से पता करें और जो कांटेक्ट ट्रेस होता है उनकी जांच तुरंत कराई जाए।

पटना (जेपी चौधरी) : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1अणे मार्ग में मुख्य सचिव एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ कोरोना संक्रमण के संबंध में अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग लॉकडाउन के पालन में अनुशासन बनाये रखें इससे कोरोना संक्रमण की चेन टूटेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित कराया जाए कि बाजारों में दुकानों पर, सब्जी मंडी में जहां पर भी लोग जरूरत का सामान खरीदने के लिये जा रहे हैं, वहां पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो। लोग अपने घरों में भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने से अधिक से अधिक लोग सुरक्षित रहेंगे।
उन्होंने कहा कि लोगों के लिये खाद्य सामग्री एवं आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बाधित नहीं होगी। लोग घबराएं नहीं, अपने घरों में सुरक्षित रहें। उन्होंने लोगों से अपील की कि जब भी कठिन समय आया है हम लोगों ने मिल-जुलकर मुकाबला किया है। मुझे पूरी उम्मीद है कि इस बार भी आप सबके सहयोग से कोरोना महामारी से निपटने में सक्षम होंगे। 
सीएम नीतीश ने कहा कि सीवान के साथ-साथ राज्य के जिन अन्य क्षेत्रों में भी कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या अधिक मिल रही है, वहां विशेष निगरानी एवं सतर्कता बनाये रखें। उन क्षेत्रों में सघन अभियान चलाकर प्रोटोकॉल के अनुरूप समुचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि जिन्हें भी संक्रमण की थोड़ी भी आशंका हो तो वे जांच केंद्र पर जाकर जांच कराएं, इससे उनके परिवार एवं आसपास के लोग भी सुरक्षित रहेंगे। जो लोग बिहार से बाहर या देश से बाहर की यात्रा कर आये हैं, वे अपने-अपने ट्रेवल हिस्ट्री को न छिपायें। इससे उन्हें तो खतरा है ही, उनके सम्पर्क में आने वाले अपने लोगों को भी खतरा है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के द्वारा दिये गये निर्देशों का लोग पालन करें। 
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां-जहां संदिग्ध कोरोना मरीजों का सम्पर्क क्षेत्र पता चलता है उन इलाकों में अधिक से अधिक लोगों की गहन स्क्रीनिंग की जाए। जिन क्षेत्रों में कोरोना के मरीज पाए जा रहे हैं, वहां सघन अभियान चलाकर कोरोना मरीजों का कांटेक्ट ट्रेस का तेजी से पता करें और जो कांटेक्ट ट्रेस होता है उनकी जांच तुरंत कराई जाए। उन्होंने कहा कि स्क्रीनिंग एवं टेस्टिंग प्रक्रिया में और तेजी लाई जाए। टेस्टिंग कैपेसिटी को और बढ़ाया जाए तथा कुछ अन्य स्थानों पर भी कोरोना जांच केंद्र शीघ्र खोलने की कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राशन कार्ड के अस्वीकृत एवं लंबित आवेदनों की पुन: समीक्षा कर नियमानुसार तेजी से उसका समाधान करें ताकि योग्य लाभुकों को समय पर सुविधा मिल सके। 
मुख्यमंत्री नीतीश ने निर्देश दिया कि जो लोग क्वारंटाइन है तथा आइसोलेशन सेंटर में रह रहे हैं, उनकी काउंसिलिंग भी करायें। उन्होंने कहा कि क्वारंटाइन सेंटर पर जरूरी सभी सुविधाओं का मॉनिटरिंग करते रहें। वे क्वारंटाइन में रहने के दौरान जरूरी प्रक्रियाओं का पालन करें इससे वे खुद भी स्वस्थ हो सकेंगे और समाज की भी सुरक्षा होगी। लोगों की समस्याओं के प्रति पदाधिकारी संवेदनशील रहें तथा जरूरतमंद व्यक्तियों की सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई कर आवश्यक मदद दिलायें। उन्होंने कहा कि लोगों की मदद के लिये सरकार हर जरूरी कदम उठा रही है।

Desk Team