बिहार में PM मोदी, अमित शाह और प्रियंका चोपड़ा को लगी वैक्सीन! तेजस्वी यादव ने शेयर की लिस्ट

Summary :

बिहार में वैक्सीन लेने वालों की लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सोनिया गांधी और बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा जैसे नाम शामिल हैं।

बिहार में कोरोना जांच को लेकर किस तरह की लापरवाही हो रही है इसका इस बात से ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि राज्य में वैक्सीन लेने वालों की लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सोनिया गांधी और बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा जैसे नाम शामिल हैं।
दक्षिण बिहार के एक जिले में कोरोना टेस्टिंग और वैक्सीन लेने वालों की लिस्ट में दिग्गज नेताओं और बॉलीवुड हस्ती के नाम हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग की माने तो ये सभी अरवल जिले की करपी पंचायत के निवासी हैं जिनकी कोरोना की जांच और टीकाकरण किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की इस लापरवाही की लिस्ट जारी करते हुए आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर हमला बोला। तेजस्वी ने ट्वीट करते हुए लिखा, देश में सबसे फिसड्डी बिहार का स्वास्थ्य विभाग भ्रष्टाचार,हेराफेरी,उपकरणों की चोरी, जाँच में धाँधली और आंकड़ों की जालसाजी के लिए कुख्यात है। अब नीतीश सरकार ने टीकाकरण के आंकड़े बढ़ाने के लिए PM नरेंद्र मोदी,अमित शाह,सोनिया गांधी और प्रियंका चोपड़ा को भी ट्रिपल डोज़ वैक्सीन लगा दी।


मामले पर अरवल के जिलाधिकारी जे. प्रियदर्शिनी ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में करीब 20 दिन पहले आया जब सिविल सर्जन रिकॉर्ड का निरीक्षण कर रहे थे। संबंधित दो डेटा ऑपरेटरों को बर्खास्त कर दिया गया है और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

उन्होंने कहा कि जिले के अन्य हिस्सों के रिकॉर्ड की बारीकी से जांच करने के निर्देश जारी किए गए हैं। यदि इस तरह की और विसंगतियाँ सामने आती हैं तो कार्रवाई की जाएगी क्योंकि इस तरह की चूक महामारी के खिलाफ अभियान को तमाशा बना देगी।
अजीबो-गरीब रिकॉर्ड बनाए रखने के लिए चर्चित रहे बिहार, जिसका सबसे प्रसिद्ध उदाहरण 1990 के चारा घोटाले के दौरान मवेशियों को स्कूटर पर ले जाते दिखाया गया था, का नाम हाल ही में अभिनेता सनी लियोनी और इमरान हाशमी के नाम कॉलेज के छात्र-छात्राओं और नौकरी के उम्मीदवारों के तौर समाचार में आने के कारण सुर्खियों में था।

Desk Team