चुनावी साल में पीएम मोदी और सीएम नीतीश की मंच पर ‘बॉन्डिंग’

Summary :

एनडीए की एकजुटता का प्रदर्शन, मंच पर मोदी और नीतीश की बॉन्डिंग

बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस साल पहली बार बिहार की यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक मंच से कई संदेश दे दिए। भागलपुर में पीएम किसान सम्मान समारोह के मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारीफ करते हुए जहां ‘लाडला मुख्यमंत्री’ बताया, वहीं मुख्यमंत्री ने भी प्रधानमंत्री की तारीफ करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी। मंच पर एनडीए में शामिल घटक दलों में लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी मौजूद रहकर साफ संदेश दे दिया कि एनडीए एकजुट है और मजबूती से चुनाव मैदान में उतरेगी।

दरअसल, प्रधानमंत्री के बिहार में आयोजित इस कार्यक्रम को चुनावी शंखनाद भी माना जा रहा है। गौर से देखें तो मंच पर पीएम मोदी जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से काफी बातें करते भी नजर आए। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री को ‘लाडले मुख्यमंत्री’ बताया तो मंच पर उपस्थित केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह को सहयोगी बताते हुए उनके कामों की भी तारीफ की।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यों की भी सराहना की। उनके मुख्यमंत्री बनने के पहले क्या होता था, यह भी बताया। सुशासन के पहले कुशासन और जंगलराज तक की बातें की। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी अपने संबोधन में पीएम मोदी के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का विकास हो रहा है तथा बिहार के विकास में सहयोग मिल रहा है। केंद्रीय बजट में मिले बिहार के तोहफों की भी चर्चा की।

उन्होंने यहां तक कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि बिहार से देशभर के किसानों के लिए किसान सम्मान निधि की राशि उनके खाते में भेजी जा रही है। इसमें बिहार के 76 हजार से अधिक किसान शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने भागलपुर से देश भर के किसानों को खुशियों की सौगात देते हुए पीएम किसान सम्मान योजना की 19वीं किस्त जारी की। इसके तहत 9.7 करोड़ से अधिक किसानों को 21,500 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता दी गई। इसके अलावा भी कई योजनाओं की सौगात दी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.