PM मोदी का बिहार दौरा, वंदे भारत समेत कई योजनाओं की मिलेगी सौगात

Summary :

PM मोदी दो बड़ी योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार दौरे पर मोतिहारी के लोगों को वंदे भारत ट्रेन और कई योजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरे में अटल नवीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन के तहत 400 करोड़ रुपए से सीवेज निर्माण और एस मोतीझील पर एसटीएफ के निर्माण का शिलान्यास होगा। यह दौरा पूर्वी भारत के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बिहार दौरे पर आएंगे। इस दौरान वो मोतिहारी के लोगों को करोड़ों रुपए की योजनाओं की सौगात देंगे। मोतिहारी सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता राधामोहन सिंह ने पीएम मोदी के बिहार दौरे को महत्वपूर्ण बताया। भाजपा सांसद राधामोहन सिंह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “हम मोतिहारी के लोग बहुत ही सौभाग्यशाली हैं। अब हमें वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिलने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को सिवान की धरती से इसका वर्चुअली उद्घाटन करेंगे। यह ट्रेन पाटलिपुत्र से मोतिहारी होते हुए गोरखपुर जाएगी। भाजपा सांसद ने कहा, “पीएम मोदी वंदे भारत के अलावा दो अन्य बड़ी योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे, जिसका संबंध मोतिहारी से ही है। इसमें से पहली योजना अटल नवीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत) 2.0 है जिसके अंतर्गत 187 किलोमीटर सीवेज निर्माण के लिए 400 करोड़ रुपए की राशि का आवंटन होगा। इसके अलावा एस मोतीझील के कोनों पर एसटीएफ का निर्माण कार्य, जिसमें करीब 150 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। पीएम मोदी इन दोनों योजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे।”

दरअसल, उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और बिहार के पाटलिपुत्र के बीच एक नई वंदे भारत एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 26502/26501) की शुरुआत की गई है। यह ट्रेन पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तरी बिहार के बीच तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का नया विकल्प लेकर आई है। यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन (शनिवार को छोड़कर) संचालित होगी। गोरखपुर से यह ट्रेन सुबह 5:40 बजे रवाना होगी और दोपहर 12:45 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी, जबकि वापसी में पाटलिपुत्र से दोपहर 3:30 बजे चलेगी और रात 10:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।

PM मोदी का बिहार दौरा, कई विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

उल्लेखनीय है कि इस मार्ग में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, कप्तानगंज और पनियहवा तथा बिहार के बगहा, नरकटियागंज, बेतिया, सुगौली, बापूधाम मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर और पाटलिपुत्र स्टेशन शामिल हैं। यह ट्रेन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘पूर्वी भारत के विकास’ की प्रतिबद्धता का एक मजबूत उदाहरण है, जो उपेक्षित क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में कार्य कर रही है। इस ट्रेन को मिलाकर बिहार में अब 13 और उत्तर प्रदेश में 15 वंदे भारत ट्रेन रेल कनेक्टिविटी को मजबूत कर रही हैं। वर्तमान में देश भर में 71 वंदे भारत ट्रेन संचालित हो रही है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.