कोरोना वायरस : चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने CM नीतीश से मांगा इस्तीफा

Summary :

लॉकडाउन की वजह से देश के विभिन्न हिस्से से कामगार अपने गृह राज्य बिहार लौट रहे हैं, ऐसे में राज्य सरकार ने उन्हें पृथक रखने के लिए केन्द्र बनाएं हैं।

लॉकडाउन के चलते दूसरे राज्यों से  बिहार में आने वालों लोगों के साथ हो रहे व्यवहार को लेकर चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आलोचना करते हुए इस्तीफे की मांग कर दी है। बता दें कि 21 दिनों के लिए लगाए गए लॉकडाउन के चलते जो जिस राज्य में था वह वहीं फंस गया है।
प्रशांत किशोर ने ट्वीट किया,‘‘कोरोना संक्रमण से लोगों को बचाने की सरकार की कोशिशों की एक और भयावह तस्वीर। देश के अनेक हिस्सों से भारी मुश्किलों का सामना करके बिहार पहुंचने वाले गरीब लोगों के लिए सामाजिक दूरी बनाने और पृथक रखने की नीतीश कुमार की यह व्यवस्था दिल दुखाने वाली है। नीतीश को इस्तीफा देना चाहिए।’’ 

उन्होंने एक छोटा वीडियो टैग किया जिसमें एक स्थान में कुछ लोग बंद हैं और उनमें से एक अपनी कठिनाइयों का जिक्र करते हुए रोने लगता है। लॉकडाउन की वजह से देश के विभिन्न हिस्से से कामगार अपने गृह राज्य बिहार लौट रहे हैं, ऐसे में राज्य सरकार ने उन्हें पृथक रखने के लिए केन्द्र बनाएं हैं। 

ऐसी खबरें हैं कि लोगों की बड़ी संख्या और उनके गुस्से को देखते हुए सरकार उन्हें उनके गांवों तक जाने देने के लिए मजबूर हुई है। किशोर कोरोना वायरस से निपटने के तरीकों पर केन्द्र और बिहार सरकार पर निशाना साधते रहे हैं। हाल ही में उन्होंने कहा था कि 21 दिन का बंद बेतरतीब है। 
गौरतलब है कि प्रशांत किशोर जदयू में नीतीश कुमार के बाद दूसरे स्थान पर सबसे ताकतवार माने जाने थे पर सीएए को समर्थन देने के लिए नीतीश की लगातार आलोचना करने के कारण उन्हें इस साल की शुरुआत में पार्टी से निकाल दिया गया था। 

Desk Team