भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहयोगी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) ने शनिवार को कहा कि बिहार में राजग में सब कुछ ठीक नहीं है और वह अब ज्यादा अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी। यहां रालोसपा की राज्य कार्यकारिणी की बैठक से पहले पार्टी के प्रवक्ता माधव आनंद ने कहा, ‘रालोसपा अब भाजपा द्वारा और अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी।’ रालोसपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मिलने में विफल रहने के एक दिन बाद पार्टी की बैठक हो रही है।
प्रवक्ता ने कहा, ‘कुशवाहा ने कुछ मुद्दों पर चर्चा के लिए दो बार अमित शाह से मिलने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने इसके लिए उन्हें समय नहीं दिया।’ राष्ट्रीय राजधानी से लौटने के बाद कुशवाहा ने मीडिया को बताया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार का जनता दल युनाइटेड (जद-यू) रालोसपा को बांटने और उन्हें तबाह करने का प्रयास कर रहा है।
मंत्री ने कहा, ‘रालोसपा को बांटने का प्रयास किया जा रहा है क्योंकि नीतीश कुमार मुझे तबाह करने पर तुले हुए हैं।’ऐसी संभावना है कि कुशवाहा राजग में बने रहने से संबंधित कोई घोषणा कर सकते हैं। रालोसपा नेता नागमणि ने कहा, ‘कुशवाहा द्वारा बड़ा खुलासा होगा और यह भाजपा के लिए बहुत बड़ा झटका होगा।’ राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी), कांग्रेस और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (एचएएम) के महागठबंधन को आशा है कि रालोसपा जल्द ही इसमें शामिल होगी।


Download Android App
Download iOS App





