Republic Day Tableau 2026: इस बार गणतंत्र दिवस के मौके पर जब परेड शुरू होगी, तो कुछ दर्शक बिहार की झांकी तलाशेंगे, लेकिन आपको बता दें कि इस बार वो नहीं दिखेगी। 2025 में ‘नालंदा’ की भव्य विरासत के साथ शानदार वापसी करने वाली बिहार की झांकी, इस बार रक्षा मंत्रालय की नई ‘रोटेशन पॉलिसी’ से बाहर हो गई है।
खास बात यह है कि एक साल पहले, 2025 में, लंबे अंतराल के बाद बिहार की झांकी ने कर्तव्य पथ पर वापसी की थी, जिससे लोगों में उम्मीद जगी थी कि यह सिलसिला जारी रहेगा। लेकिन इस बार वह उम्मीद भी टूट गई। इतना ही नहीं, इस बार दिल्ली की झांकी भी नजर नहीं आएगी। हालांकि आप सिनेमा प्रेमी हैं, तो आपके लिए एक खुशखबरी है। इस बार भारतीय सिनेमा की झांकी कर्तव्य पथ पर आपको नजर आएगी।
कर्तव्य पथ पर दिखेगी Indian Cinema की झलक

इतिहास में पहली बार होगा कि जब कर्तव्य पथ पर भारतीय सिनेमा की भव्यता देखने को मिलेगी। इस बार सिनेमा की झांकी भी दिखाई जाएगी, जिसका नेतृत्व हिंदी सिनेमा के दिग्गज फिल्म डायरेक्टर संजय लीला भंसाली करेंगे। डायरेक्टर ने भारतीय सिनेमा के 113 सालों के आइकॉनिक मूमेंट्स और माइलस्टोन को दर्शाते हुए एक मोंटाज-टेब्लो तैयार किया हैं, जिसे गणतंत्र दिवस की परेड में दिखाया जाएगा।
वहीं, ऑस्कर विजेता म्यूजिशियन एमएम कीरावनी इस मौके पर वंदे मातरम की नई धुन पेश करेंगे।
Bihar Tableau on Kartavya Path: इस बार क्यों नहीं दिखेगी बिहार की झांकी?

सूचना विभाग के मुताबिक, क्योंकि बिहार को पिछले साल मौका मिला था, इस बार रोटेशन के कारण उसे बाहर रखा गया है। 2025 की बिहार की झांकी आज भी लोगों के जेहन में है, जिसमें बिहार ने अपनी बौद्धिक विरासत को सिनेमाई भव्यता के साथ पेश किया था। इस बार भले ही कर्तव्य पथ पर बिहार की झांकी नहीं दिखेगी, लेकिन भविष्य के लिए तैयारी जारी है।
क्या है नई रोटेशन नीति?
दरअसल, पिछले कुछ सालों से गणतंत्र दिवस की परेड में झांकियों के चयन को लेकर विवाद और असंतोष हो रहा था। कई राज्यों का कहना था कि उन्हें बार-बार मौका नहीं मिलता, जबकि कुछ राज्यों की झांकी लगातार चुनी जाती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए रक्षा मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए एक नई रोटेशन नीति लागू की है। इसके तहत हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों को तीन वर्षों में कम से कम एक बार अपनी झांकी प्रस्तुत करने का मौका मिलेगा।
Republic Day 2026: इन राज्यों की दिखेगी झांकी

इस साल गणतंत्र दिवस की परेड में करती पथ पर जिन राज्यों की झांकियां नजर आएंगी, उनमें असम, छत्तीसगढ़, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, केरल, महाराष्ट्र, मणिपुर, नगालैंड, ओडिशा, पुडुचेरी, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और पंजाब शामिल हैं।
इसके अलावा, वायु सेना, नौसेना, सैन्य मामलों का विभाग, संस्कृति मंत्रालय, आयुष मंत्रालय, गृह मंत्रालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, पंचायती राज मंत्रालय, विद्युत मंत्रालय और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की झांकियां भी परेड का हिस्सा होंगी।
यह भी पढ़ें: 26 जनवरी को ही क्यों लागू हुआ था भारतीय संविधान? जानें पूर्ण स्वराज और गणतंत्र का गौरवशाली इतिहास


Download Android App
Download iOS App




