यूपी में EVM पर उठे सवाल के बाद RJD का Tweet, अपनी मौत का खुद ही जश्न मना रहा है चुनाव आयोग

Summary :

उत्तर प्रदेश में 10 मार्च को विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले ही ईवीएम को लेकर उठे बवाल पर बिहार की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल भी कूद पड़ी है।

उत्तर प्रदेश में 10 मार्च को विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले ही ईवीएम को लेकर बवाल शुरू हो गया है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव के दौरान ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाया। इसके बाद से ही प्रदेश में शुरू हुए ईवीएम विवाद में पड़ोसी राज्य बिहार की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल भी कूद पड़ी है।
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा, देश का चुनाव आयोग अपनी मौत का खुद ही जश्न मना रहा है। ऐसे जिंदा मुर्दे आयोग का क्या काम?? देश और कर्म ऐसे निकम्मे नकारे और नमक हराम अधिकारियों के साथ बहुत बुरा करता है। 


इसके आलावा आरजेडी ने अपने ट्वीट में लिखा, ऐसे ज़मीर बिकाऊ अधिकारियों और आयुक्तों को तो सबसे पहले इनके तुच्छ कर्म और इनकी अपनी औलादें ही ठीक कर देती है। बता दें कि मंगलवार को आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने भी एग्जिट पोल में बीजेपी की जीत को लेकर दर्ज करते हुए कहा कि बीजेपी को एग्जिट पोल में जीत का लड्डू खाने दीजिए क्योंकि असली जीत का लड्डू 10 मार्च को अखिलेश यादव खाएंगे।

दरअसल, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वाराणसी समेत कई जगहों पर ईवीएम के साथ गड़बड़ी होने के आरोप लगाए। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके अपने कार्यकर्ताओं से कहा कि स्वयं अपने वोट की सुरक्षा करें। अखिलेश के इस फरमान के बाद विपक्षी दल के लोगों ने मतगणना स्थलों पर डेरा डाल दिया।

Desk Team