बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने आज कहा कि यदि बिहार में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) लागू किया गया तो उनकी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) इसका जमकर विरोध करेगी और आन्दोलन भी चलायेगी।
राजद नेता श्री यादव ने यहां विधि महाविद्यालय परिसर मे समाजवादी नेता परमानंद चौधरी उर्फ विनोबा जी के मूर्ति अनावरण कार्यक्रम के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एनआरसी के मामले में राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि बिहार में एनआरसी लागू की गई तो उनकी पार्टी इसका जमकर विरोध करेगी और आन्दोलन भी चलायेगी।
श्री यादव ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भाजपा पर दबाव बनाने के लिए ही राजद-महागठबंधन में शामिल होने की झूठी खबर फैलाई है ताकि वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में भाजपा उनको मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करें। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जनादेश का अपमान कर भाजपा के साथ सत्ता पर काबिज होने वाले मुख्यमंत्री श्री कुमार को किसी भी कीमत पर राजद या महागठबंधन मे शामिल नहीं किया जायेगा।
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री श्री कुमार पर सत्ता के लालच में भाजपा के साथ मिलकर राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को जेल भेजवाने का आरोप लगाते हुये कहा कि वह अपनी कुर्सी बचाने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि श्री कुमार आज भी लालू परिवार और राजद को बर्बाद करने में लगे हैं।
राजद नेता ने कहा कि महागठबंधन एकजुट है और अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में भी पूरी एकता के साथ मिलकर चुनाव लड़गा। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी का सदस्यता अभियान जोर-शोर से प्रदेश में चलाया जा रहा है और इसके तहत राजद के 50 लाख नये सदस्य बनाये जायेंगे।
इस अवसर पर राजद विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन, ऐज्या यादव, राजद के प्रदेश सचिव फैजुर रहमान फैज, राजद के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री रामाश्रय सहनी, संतोष कुमार, पूर्व विधायक रोमा भारती, रामचंद, निषाद्, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मो। अबू तमीम और राजद जिलाध्यक्ष विनोद कुमार राय मौजूद थे।


Download Android App
Download iOS App



