भारत बंद के समर्थन में सड़कों पर उतरे RJD कार्यकर्ता, टायर जलाकर किया विरोध प्रदर्शन

Summary :

राष्ट्रीय जनता दल ने आज बिहार बंद का आह्वान किया है। मुजफ्फरपुर में आरजेडी कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर अपना विरोध जताया।

बिहार विधानसभा में हुई घटना को लेकर 26 मार्च को बिहार बंद की घोषणा गुरुवार को राजद के नेता तेजस्वी यादव ने की थी। उन्होंने कहा था कि बिहार पुलिस अब जदयू पुलिस हो गई है। उन्होंने सत्ता पक्ष को चेतावनी वाले लहजे में कहा कि हम डरने वालों में से नहीं हैं। लड़ाई चलती रहेगी। इसी के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल ने आज बिहार बंद का आह्वान किया है। मुजफ्फरपुर में आरजेडी कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर अपना विरोध जताया।
इस बीच समर्थकों ने महात्मा गांधी सेतु के निकट चौक को जाम कर दिया है। इसके कारण हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और छपरा जाने वाले मार्ग पर भीषण जाम लग गया है। जाम के कारण इन मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। राजद के समर्थक सड़क जाम कर सरकार के विरोध में नारेबाजी कर रहे हैं। महुआ के राजद विधायक मुकेश रोशन ने कहा कि राज्य सरकार के इशारे पर तीन दिन पूर्व विधानसभा में विपक्षी विधायकों के साथ मारपीट तथा बदसलूकी की गई इसके लिए नीतीश सरकार पूरी तरह से दोषी है। केवल सुशासन का ढोल पीटा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि राजद ने बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर किसानों के आज के भारत बंद का समर्थन किया है। राजद के साथ ही कांग्रेस और वामदलों ने भी आज के इस बंद को अपना समर्थन किया है। साथ ही राजद नीत महागठबंधन विधानसभा में तीन दिन पूर्व हुई घटना को लेकर आज काला दिवस भी मना रहा है।

Desk Team