बिहार में भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आरा-मोहनिया हाईवे पर दुल्हिनगंज बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक कार से प्रयागराज महाकुंभ से स्नान कर पटना लौट रहे थे। शुक्रवार तड़के लगभग तीन बजे ये हादसा हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से कार से मृत लोगों के शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया। जानकारी के अनुसार, मृतकों में दंपती, उनकी दो बेटियां समेत छह लोग बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार तेज थी और चालक को झपकी आ गई थी, जिस वजह से वाहन ने पीछे से खड़े ट्रक को टक्कर मार दी। फिलहाल, पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इसकी गूंज कई सौ मीटर तक सुनाई दी।
बता दें कि इससे पहले गुरुवार को प्रयागराज महाकुंभ से लौट रहा एक डॉक्टर का परिवार बक्सर में हादसे का शिकार हो गया था। कृष्णा ब्रह्म थाना क्षेत्र के अंतर्गत पटना-बक्सर नेशनल हाईवे-922 के नुआंव गांव के पास कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। कार सवार डॉक्टर जितेंद्र कुमार केसरी की दूसरी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई थी, वहीं हादसे में डॉक्टर, उनकी पहली पत्नी, बेटा और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया था।


Download Android App
Download iOS App



