भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा कड़ी, सोशल मीडिया पर सतर्कता की अपील

Summary :

वाहनों की सघन जांच, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुपौल में प्रशासन ने चौकसी बढ़ाई है और डॉग स्क्वायड तैनात है। पुलिस और एसएसबी संदिग्धों पर नजर रख रहे हैं। आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। पुलिस फ्लैग मार्च कर रही है और फेक न्यूज से बचने का आग्रह किया गया है।

भारत-पाकिस्तान के बीच जंग जैसे हालात को देखते हुए बिहार से सटी भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सुपौल में भारत-नेपाल बॉर्डर पर प्रशासन द्वारा चौकसी बढ़ा दी गई है। डॉग स्क्वायड की टीम भी तैनात हो गई है। पुलिस और एसएसबी संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रख रही है। आम लोगों से भी ऐसे तत्वों पर नजर बनाए रखने की अपील की गई है। इस बीच, लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है। पुलिस फ्लैग मार्च भी कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दे रही है। बताया गया कि भारत-नेपाल बॉर्डर के आसपास भी चप्पे-चप्पे पर पुलिस और एसएसबी के जवान सख्ती बरत रहे हैं। बॉर्डर पर एसएसबी जवानों के द्वारा बारीकी से राहगीरों और वाहनों की सघन जांच की जा रही है। वाहनों के डिक्की सहित संपूर्ण हिस्से, चालक और वाहन स्वामित्व के दस्तावेज भी बिंदुवार जांच की जा रही है।

नेपाल के PM ओली ने प्रधानमंत्री मोदी को किया फोन, Pahalgam आतंकी हमले की निंदा की

भीमनगर बॉर्डर के पास डॉग स्क्वायड की टीम भी सक्रिय होकर तलाशी अभियान चला रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से भारत-नेपाल बॉर्डर के अलावा इस इलाके में कई जगहों पर चेक पोस्ट बनाए गए हैं, जहां हर नागरिक और गाड़ियों की सघन जांच की जा रही है। पुलिस पदाधिकारियों को भी जांच में सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

कोसी प्रक्षेत्र के डीआईजी मनोज कुमार ने फेक न्यूज से लोगों को बचने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि कई तरह के फेक न्यूज भी चलते रहते हैं और जैसे ही कुछ दिखता है, उसे फॉरवर्ड कर देते हैं, जो गलत है। उन्होंने लोगों से सभी खबरों की सत्यता परखने पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से गांव में संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया है। उन्होंने लोगों से किसी भी स्थिति में नहीं घबराने को कहा है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.