जमीरा हाल्ट के पास गोलियों की गूंज, सीमांचल एक्सप्रेस में RPF एस्कार्ट पार्टी पर शराब तस्करों ने चलाई ताबड़तोड़ गोलियां

Summary :

Seemanchal Express Train Firing: पटना–मुगलसराय रेलखंड पर शनिवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जमीरा हाल्ट के पास शराब तस्करों ने सीमांचल एक्सप्रेस में तैनात आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) की एस्कॉर्ट टीम पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी जवान को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित बच गए। Seemanchal Express Train Firing: देर रात हुई घटना, यात्री घबरा गए यह घटना रात करीब 11 बजकर 53 मिनट की बताई जा रही है। उस समय सीमांचल एक्सप्रेस आनंद विहार से जोगबनी की ओर जा रही थी। अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर ट्रेन…

Seemanchal Express Train Firing: पटना–मुगलसराय रेलखंड पर शनिवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जमीरा हाल्ट के पास शराब तस्करों ने सीमांचल एक्सप्रेस में तैनात आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) की एस्कॉर्ट टीम पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी जवान को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित बच गए।

Seemanchal Express Train Firing: देर रात हुई घटना, यात्री घबरा गए

यह घटना रात करीब 11 बजकर 53 मिनट की बताई जा रही है। उस समय सीमांचल एक्सप्रेस आनंद विहार से जोगबनी की ओर जा रही थी। अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर ट्रेन में सवार यात्री और रेलकर्मी डर गए। कुछ देर के लिए ट्रेन के अंदर और आसपास दहशत का माहौल बन गया।

Seemanchal Express Train Firing  (Image- Social Media)
Seemanchal Express Train Firing (Image- Social Media)

Bihar Train News: शराब तस्करों ने ट्रेन रोककर की फायरिंग

जानकारी के अनुसार, दानापुर आरपीएफ के जवान दिलदार नगर से ट्रेन की सुरक्षा में तैनात थे। जब ट्रेन जमीरा हाल्ट के पास पहुंची, तभी पहले से एक बोगी में मौजूद शराब तस्करों ने ट्रेन का वैक्यूम खींचकर उसे रोक दिया। ट्रेन रुकते ही आरपीएफ के जवान जांच के लिए उस बोगी में पहुंचे। जैसे ही जवानों ने गेट खोलकर टॉर्च की रोशनी में देखा, वहां करीब दस हथियारबंद बदमाश मौजूद थे, जिनके हाथों में पिस्टल थी। जब जवानों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, तो तस्करों ने पास की झाड़ियों में छिपकर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

5से 6 राउंड फायरिंग का आरोप

बताया जा रहा है कि इस दौरान करीब पांच से छह राउंड फायरिंग की गई। घटना के बाद रेलवे ट्रैक के पास से तीन खोखे भी बरामद किए गए हैं। आरपीएफ जवानों ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी सुरक्षा की और मोर्चा संभाला। अंधेरे का फायदा उठाकर सभी तस्कर मौके से फरार हो गए।

Seemanchal Express Train Firing  (Image- Social Media)
Seemanchal Express Train Firing (Image- Social Media)

Seemanchal Express News: पुलिस और RPF ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही दानापुर कंट्रोल रूम और रेल अधिकारियों को जानकारी दी गई। इसके बाद स्थानीय मुफस्सिल थाना और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। रविवार को आरा सदर एसडीपीओ, मुफस्सिल थानाध्यक्ष, दानापुर रेल डीएसपी और जीआरपी थाना प्रभारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

अज्ञात बदमाशों के खिलाफ FIR दर्ज

इस मामले में दानापुर आरपीएफ पोस्ट में तैनात जवान संजीव कुमार ने आरा के मुफस्सिल थाना में अज्ञात दस अपराधियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है।

दो तस्कर गिरोहों के बीच टकराव की आशंका

सूत्रों के अनुसार, यह घटना दो अलग-अलग शराब तस्कर गिरोहों के बीच विवाद का नतीजा भी हो सकती है। बताया जा रहा है कि पटना जिले के तस्कर ट्रेन में शराब लेकर सफर कर रहे थे, जबकि भोजपुर इलाके के तस्कर ट्रेन में सवार होकर उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। शराब छीनने की कोशिश में ट्रेन रोकी गई और इसी दौरान फायरिंग की घटना हुई। इस घटना के बाद रेल सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, पुलिस और आरपीएफ का कहना है कि दोषियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा और ऐसी घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी।

यह भी पढ़ें: गया में तेज रफ्तार ट्रैक्टर का कहर, 2 महिलाओं की मौत और 1 घायल; ग्रामीणों में आक्रोश

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।