आरजेडी नेता और सिवान लोकसभा सीट से दिवंगत सांसद सैयद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा ने देर रात आरजेडी नेता प्रभुनाथ सिंह से मुलाकात की। बंद कमरे में हुई इस बातचीत के बाद शहाबुद्दीन की सियासी विरासत को संभालने के लिए बेटे ओसामा के राजनीतिक मैदान में उतरने की अटकलें तेज हो गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, ओसामा ने मशरक के बड़हिया टोला गांव स्थित प्रभुनाथ सिंह के आवास पर जाकर मुलाकात की। दोनों के बीच हुई इस मुलाकात को लेकर कयासों का दौर शुरू हो गया है। हालांकि इस दौरान किस मुद्दे पर चर्चा हुई इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
आरजेडी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह और उनके छोटे भाई दीनानाथ सिंह पूर्व विधायक अशोक सिंह हत्याकांड में हजारीबाग जेल में बंद हैं। लगभग 20 दिन पहले अपने छोटे भाई दीनानाथ सिंह के सबसे छोटे बेटे अभिषेक की शादी में शामिल होने पैरोल पर आए हुए हैं।
बता दें कि पिछले महीने दिल्ली में शहाबुद्दीन की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो गई थी। इसके बाद लालू परिवार का कोई भी सदस्य शहाबुद्दीन के परिवार से मिलने नहीं पंहुचा था। इस बात से शहाबुद्दीन के परिवार और समर्थकों के बीच नाराजगी थी, हालांकि शहाबुद्दीन की मौत के कुछ दिनों बाद लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप ओसामा से मिलने सिवान पहुंचे थे।


Download Android App
Download iOS App



