तेजस्वी के बयान पर शाहनवाज का जवाब, भाजपा खुद बांटेगी टिकट

Summary :

शाहनवाज का पलटवार: भाजपा खुद करेगी टिकट वितरण

राजद नेता तेजस्वी यादव के बयान ‘जेडीयू के टिकट भी अमित शाह ही बांटेंगे’ पर बिहार की सियासत गरमा गई है। राजद नेता के बयान पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा और उसके सहयोगी अपने-अपने टिकट खुद ही बांटेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने रविवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, “जेडीयू अपने टिकट बांटेगी, भाजपा अपने टिकट तय करेगी, चिराग पासवान अपने टिकट बांटेंगे और जीतनराम मांझी तथा उपेंद्र कुशवाहा अपने टिकट बांटेंगे, लेकिन हम सभी एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे और एक साथ जीतेंगे।” मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवाओं के लिए पेंशन बढ़ाकर 1,100 रुपए करने के ऐलान पर शाहनवाज हुसैन ने कहा, “बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर 1,100 रुपए कर दी है। नीतीश कुमार ने एक गेम-चेंजर पहल शुरू की है, जिससे सभी वरिष्ठ नागरिक बहुत खुश हैं। इस फैसले से सभी खुश हैं।”

उन्होंने तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “तेजस्वी यादव का दावा है कि सरकार उनकी नकल कर रही है। अरे, आप कब सरकार में थे कि कोई आपकी नकल करे? आप सिर्फ झूठे वादे करते हैं, उन पर कौन यकीन करेगा? लेकिन, नीतीश कुमार की सरकार कुशलता से काम कर रही है। बिहार में एनडीए सत्ता में है और फिर से सत्ता में आएगी।” नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने वृद्धा पेंशन और दिव्यांग पेंशन की राशि के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा, “यह फैसला हमारी नीति, हमारे दबाव और हमारे विजन का नतीजा है। जब हम सरकार में थे, तब हमने ही पेंशन बढ़ाने का खाका तैयार किया था। अब यह सरकार हमारे ही विचारों की नकल कर रही है और उसका क्रेडिट लेना चाहती है।”

उन्होंने कहा कि हमने 16 दिसंबर 2024 को सार्वजनिक मंच से यह घोषणा की थी कि यदि उनकी सरकार बनती है तो वृद्धजनों को 1,500 रुपए प्रतिमाह पेंशन दिया जाएगा। आज सरकार 1,100 रुपए की बात कर रही है, लेकिन बजट सत्र के दौरान इस दिशा में कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया था।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.