दिग्गज नेता और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा 6 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो जाएगें। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बिहार मामलों के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने गुरुवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी। राहुल गांधी से मुलाकात से पहले शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि अभी मैं राहुल जी से मिलने जा रहा हूं। वो बताएंगे और हमारी ओर से किसी भी तरह की देरी नहीं है। अभी सबकुछ ठीक है, कोई गड़बड़ नहीं है।
पत्रकारों से बात करते हुए पटनासाहिब सीट को लेकर शत्रुघ्न सिन्हा ने बताया कि मैं कई बार कह चुका हूं कि सिचुएशन कोई भी हो, लोकेशन वही होगी। शक्ति सिंह गोहिल ने कहा,‘‘सांसद, नेता एवं अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा जी आज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जी से मिले। वह सच बोलते रहे हैं, खामोश नहीं रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रहित में लिये कांग्रेस पार्टी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने का निश्चय किया है।
छह अप्रैल को आधिकारिक तौर पर कांग्रेस में शामिल होंगे।’’ गौरतलब है कि शत्रुघ्न सिन्हा के कांग्रेस में शामिल होने की लगातार अटकलें चल रही है। उन्हें काफी समय से बीजेपी के असंतुष्ट नेता माना जा रहा है। वह बीजेपी नेतृत्व के खिलाफ लगातार बोलते रहें हैं। शत्रुघ्न सिन्हा बिहार के पटना साहिब से बीजेपी के सांसद हैं। लोकसभा 2019 के चुनाव में पार्टी ने इस सीट से केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को उतार दिया है।