परीक्षा पत्र लीक होने के चलते बिहार बोर्ड ने शुक्रवार को 10 वीं कक्षा के लिए हुई सामाजिक विज्ञान की परीक्षा रद्द की थी। आज अंग्रेजी की परीक्षा रद्द किए जाने की मांग को लेकर छात्र भड़क गए। गुस्साए छात्र पटना के एएन कॉलेज के पास सड़क पर उतर आए। उन्होंने सड़क पर पथरबाजी शुरू कर दी और वहां से गुजर रहीं कई गाड़ियों रोककर उनमें तोड़फोड़ की। इस दौरान कई राहगीरों को छात्रों के गुस्से का शिकार बनना पड़ा।
छात्रों के गुस्से के चलते थोड़ी देर के लिए सड़क और आसपास के इलाके में भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। शुरू में छात्रों की संख्या काफी अधिक होने की वजह से पुलिस मूकदर्शक बनी रही। हंगामा अधिक बढ़ा तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करके छात्रों को खदेड़ा। गुस्साए छात्रों ने करीब आधे घंटे तक जमकर उत्पात मचाया। एक दर्जन से अधिक गाड़ियों को उन्होंने निशाना बनाया। राहगीरों की गाड़ियों को रोककर उनके शीशे तोड़ डाले।
इस दौरान कई महिलाएं गाड़ी छोड़कर डर के मारे भागती नज़र आई। बताया जा रहा है कि इन छात्रों ने एक गर्भवती महिला से भी मारपीट की। पुलिस ने इस मामले में कई के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। छात्रों के गुस्से का शिकार बनीं कई गाड़ियों में काफी ज्यादा डैमेज हुआ है। छात्रों के इस उपद्रव से राहगीरों को काफी नुकसान हुआ है। बवाल की सूचना पर एएसपी विधि व्यवस्था और सचिवालय डीएसपी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने पूरे घटनाक्रम का विवरण लिया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने उपद्रवी छात्रों की तलाश के लिए एएन कॉलेज के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि उपद्रवियों को पहचान कर उनके खिलाफ नामजद एफआईआर की जाएगी और कोई उपद्रवी बख्शा नहीं जाएगा। गौरतलब है कि मैट्रिक परीक्षा के तीसरे दिन शुक्रवार को पहली पाली में सामाजिक विज्ञान की परीक्षा का पर्चा लीक हो गया।
सुबह 8 बजे से ही यूट्यूब चैनल और वाट्सऐप ग्रुप पर परीक्षा का प्रश्नपत्र वायरल हो गया। परीक्षा केंद्र पहुंचे परीक्षार्थी एक-दूसरे के मोबाइल से परीक्षा के प्रश्नपत्र देखते और उसके उतर पर चर्चा करते दिखे। लेकिन इस दौरान कई छात्रों का कहना था कि ऐसे प्रश्न प्रत्येक दिन वायरल हो रहा हैं, हो सकता है कि ये सवाल परीक्षा में न आए। लेकिन परीक्षा हॉल में जब छात्र पहुंचे वायरल प्रश्नपत्र ही देखा।


Download Android App
Download iOS App



