बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और बीजेपी नेता सुशील कुमार मोदी ने आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि लालू ने जेल में रहते हुए फोन कर बीजेपी के एक विधायक को उनके साथ आने का लालच दिया। सुशील मोदी ने एक ऑडियो के साथ एक फोन नंबर भी जारी किया है।
सुशील मोदी द्वारा जारी ऑडियो क्लिप में लालू यादव ने विधायक का पूरा नाम नहीं लिया है और उन्हें पासवान जी कहकर संबोधित किया है, हालांकि बताया जा रहा है कि उन्होंने बीजेपी विधायक ललन पासवान को फोन किया था। ऑडियो में लालू यादव की ओर से बीजेपी विधायक को कहा जा रहा है कि वो स्पीकर के चुनाव के वक्त अनुपस्थित हो। बोल दो कि कोरोना हो गया है। जवाब में बीजेपी विधायक की ओर से कहा गया है कि वो पार्टी में हैं, ऐसे में दिक्कत होगी। ऑडियो में लालू यादव बीजेपी विधायक से कहते नजर आ रहे हैं कि वो उनका साथ दें तो मंत्री बनाएंगे।
लालू यादव ने दिखाई अपनी असलियत
लालू प्रसाद यादव द्वारा NDA के विधायक को बिहार विधान सभा अध्यक्ष के लिए होने वाले चुनाव में महागठबंधन के पक्ष में मतदान करने हेतु प्रलोभन देते हुए। pic.twitter.com/LS9968q7pl
— Sushil Kumar Modi (@SushilModi) November 25, 2020
ऑडियो क्लिप से पहले मंगलवार को सुशील मोदी ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा, लालू प्रसाद यादव रांची से राजग के विधायकों को (8051216302) मोबाइल नंबर से फोन कर उन्हें मंत्री पद का लालच दे रहे हैं। जब मैंने उस नंबर पर फोन किया तो स्वयं लालू यादव ने फोन उठाया। मैंने उनसे कहा कि इस तरह की गंदी हरकतें जेल से मत कीजिए, इसमें आप कामयाब नहीं होंगे।
उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद विधानसभा में राजग और महागठबंधन के विधायकों की संख्या में ज्यादा अंतर नहीं है। राजग के पास जहां 125 विधायक हैं, वहीं महागठबंधन के पास 110 सीटें हैं। गौरतलब है कि लालू प्रसाद चारा घोटाले के मामले में रांची की जेल में सजा काट रहे हैं। फिलहाल वे स्वास्थ्य कारणों से रिम्स में भर्ती हैं।


Download Android App
Download iOS App



