भारतीय जनता पार्टी के नेता सुशील कुमार मोदी ने बुधवार को कहा कि बिहार की नयी सरकार 2025 में अपना कार्यकाल पूरा करने से पहले ही गिर जाएगी। मोदी ने राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भारतीय जनता पार्टी से नाता तोड़ने और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व वाले महागठबंधन का नेता चुने जाने के एक दिन बाद यह बात कही।
नीतीश कुमार ने जनादेश का किया अपमान
मोदी ने यह भी कहा कि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रमुख नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को वोट देने वाली बिहार की जनता का अपमान किया है। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री मोदी ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि कुमार लालू प्रसाद यादव की खराब तबीयत का फायदा उठाकर राजद को धोखा देंगे और ‘‘उसे तोड़ने की कोशिश करेंगे।”
अमित शाह ने नीतीश की मंजूरी के बाद ही आरसीपी सिंह को मंत्रिमंडल में शामिल किया था
उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह के जरिये ”षड़यंत्र” रचे जाने के जदयू के आरोपों को खारिज कर दिया और दावा किया केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नीतीश कुमार से मंजूरी लेने के बाद सिंह को मंत्रिमंडल में शामिल किया था। भाजपा नेता ने चुटकी लेते हुए कहा, ”हम यह देखना चाहते हैं कि असली मुख्यमंत्री (राजद नेता) तेजस्वी के नेतृत्व में बिहार की नयी सरकार किस तरह काम करती है। यह अगले चुनाव से पहले गिर जाएगी।”


Download Android App
Download iOS App



