पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव को पेट में दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद सोमवार को यहां के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक महीने में यह दूसरी दफा है, जब तेज प्रताप बीमार पड़े हैं। उनका फिलहाल पटना के एक नामी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के एक शीर्ष सूत्र के मुताबिक, सोमवार दोपहर को तेज प्रताप के पेट में दर्द होने और सांस लेने में तकलीफ होने की शिकायत मिली। शुरूआत में उनका इलाज सरकारी आवास पर हुआ, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल जाकर इलाज करवाने की सलाह दी।
राजद के एक अधिकारी ने बताया कि तेज प्रताप को तुरंत पटना के एक प्रमुख अस्पताल में ले जाया गया। उनकी स्थिति अभी सामान्य है। उनके पेट का अल्ट्रासाउंड कराया गया है। उन्हें इस महीने की शुरूआत में 6 जुलाई को भी सांस लेने में तकलीफ और पेट दर्द की समस्या हुई थी। तब उनके छोटे भाई तेजस्वी यादव उनके घर पहुंचे हुए थे।
हालांकि सोमवार को तेजस्वी यादव का दिल्ली जाने का प्लान पहले ही बन चुका था। जब वह विमान में चढ़ने वाले थे, तब उन्हें अपने भाई के खराब स्वास्थ्य की सूचना मिली। भाई संग फोन पर बात करने के बाद ही उन्होंने अपने आगे का सफर तय किया।


Download Android App
Download iOS App



