तेज प्रताप ने हसनपुर से भरा नामांकन, तेजस्वी का दावा- मिलेगी भारी मतों से जीत, बनाएंगे सरकार

Summary :

तेजप्रताप यादव के नामांकन दाखिल करने के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि, “हमें हसनपुर की जनता पर पूरा विश्वास है कि भारी मतों से इनको जीत मिलेगी और हम सरकार बनाने जा रहे हैं।”

बिहार चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के लिए नामांकन की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। दूसरे चरण के लिए मंगलवार को बिहार के पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने पटना साहिब से जबकि पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और राजद के तेजप्रताप यादव ने समस्तीपुर जिले के हसनपुर से नामांकन का पर्चा दाखिल किया।
इधर, तेजप्रताप यादव भी हसनपुर से नामांकन का पर्चा दाखिल किया, उनके साथ राजद के नेता और उनके भाई तेजस्वी यादव भी थे। तेजप्रताप यादव के नामांकन दाखिल करने के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि, “हमें हसनपुर की जनता पर पूरा विश्वास है कि भारी मतों से इनको जीत मिलेगी और हम सरकार बनाने जा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि, “सरकार बनी तो पहली कैबिनेट की बैठक में सरकार 10 लाख बेरोजगार नौजवानों को रोजगार और स्थायी सरकारी नौकरी देगी।”
तेजप्रताप ने भी कहा कि, “हसनपुर की जनता उनके साथ है और उनकी जीत पक्की है।” उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि, ‘तेजस्वी सरकार तय है।’ उल्लेखनीय है कि पिछले चुनाव में तेजप्रताप महुआ विधानसभा क्षेत्र से जीतकर पहली बार विधानसभा पहुंचे थे, लेकिन इस चुनाव में उन्होंने अपना क्षेत्र बदल लिया है।
मंत्री नंदकिशोर पटना साहिब से सातवीं बार राजग प्रत्याशी के रूप में नामाकंन का पर्चा दाखिल किया। पर्चा दाखिल करने के बाद उन्होंने कहा कि पटना साहिब से वे सातवीं बार नामांकन का पर्चा दाखिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “मेरे लिए पटना साहिब सिर्फ एक विधानसभा क्षेत्र का नाम नहीं, अपितु यह मेरा घर है। इस क्षेत्र के सभी लोग मेरे परिवार के लोग हैं। इनके सुख-दुख में साथ रहना मेरा पारिवारिक और नैतिक दायित्व है।”
बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा के लिए तीन चरणों में होने वाले चुनाव के लिए मतदान 28 अक्टूबर, 3 नवंबर और 7 नवंबर होगा, जबकि मतगणना 10 नवंबर को होगी। इस चुनाव में राजद जहां कांग्रेस और वमापंथी दलों के साथ चुनावी मैदान में उतरा है, वहीं भाजपा और जदयू सहित चार दल मिलकर चुनावी मैदान में दम दिखा रहे हैं।

CM नीतीश का वार- जब विपक्ष की सरकार थी तब शिक्षा और रोजगार पर नहीं दिया ध्यान, अब चला रहे जुबान

Desk Team