तेजप्रताप, तेजस्वी और लालू प्रसाद यादव जल्द ही एक हो जाएंगे : ललन पासवान

Summary :

तेजप्रताप जल्द ही परिवार में होंगे शामिल: ललन पासवान

भाजपा विधायक ललन पासवान ने दावा किया है कि तेजप्रताप यादव जल्द ही अपने परिवार, तेजस्वी और लालू प्रसाद यादव के साथ पुनः मिल जाएंगे। उन्होंने कहा कि तेजप्रताप का पार्टी और परिवार से बाहर होना एक निजी निर्णय था और इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

बिहार सरकार में पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव को लेकर भाजपा विधायक ललन पासवान ने दावा किया है कि यह ज्यादा दिनों तक पार्टी और परिवार से दूर नहीं रहने वाले हैं। तेज प्रताप जल्द ही तेजस्वी यादव और लालू प्रसाद यादव के साथ परिवार में शामिल हो जाएंगे।

रविवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान भाजपा विधायक ललन पासवान ने कहा कि तेजप्रताप को पार्टी और परिवार से बाहर निकालने का फैसला निजी है। इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। तेजप्रताप पर अगर लालू प्रसाद यादव ने कोई फैसला लिया तो वह एक पिता के तौर पर लिया गया था। उन्होंने एक पिता का धर्म निभाया। लेकिन, बहुत जल्द सारा परिवार (लालू यादव तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव) एक हो जाएगा।

पार्टी और परिवार से 6 साल के लिए निलंबित होने के बाद तेजप्रताप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने माता-पिता को लेकर पोस्ट किया। पोस्ट में उन्होंने लिखा, “मेरे प्यारे मम्मी पापा, मेरी सारी दुनिया बस आप दोनों में ही समाई है। भगवान से बढ़कर है आप और आपका दिया कोई भी आदेश। आप हैं तो सबकुछ है मेरे पास। मुझे सिर्फ आपका विश्वास और प्यार चाहिए ना कि कुछ और। पापा आप नही होते तो ना ये पार्टी होती और ना मेरे साथ राजनीति करने वाले कुछ जयचंद जैसे लालची लोग। बस मम्मी पापा आप दोनों स्वस्थ और खुश रहे हमेशा।“

बिहार में पीएम मोदी की जनसभा को राजद की ओर से फ्लॉप बताए जाने पर भाजपा विधायक ने कहा कि विपक्ष का काम आरोप लगाना है। पीएम मोदी की सभा शानदार रही है। जनता में पीएम मोदी को लेकर उत्साह रहा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में पाकिस्तान को ऑपरेशन सिंदूर के तहत तहस-नहस करने का काम किया गया। भारतीय सेना की सफलता और पराक्रम को पुरी दुनिया ने देखा है। पीएम मोदी की वजह से भारत का कद दुनिया में बढ़ा है। बिहार में पीएम मोदी की सभा में यह सब देखने को मिला है। उन्होंने आतंकवादियों को बिहार की धरती से ही संदेश दिया था कि उन्हें मिट्टी में मिलाया जाएगा और ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकवादियों को मिट्टी में मिलाया गया है।

‘मां-पापा! आप भगवान से बढ़कर हैं’, परिवार से निकाले जाने के बाद तेज प्रताप ने किया भावुक पोस्ट

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.