तेजस्वी ने नीतीश को सड़क से यात्रा करने की दी चुनौती, कहा- अगर CM ऐसा करते हैं तो उनकी टूट जाएंगी हड्डियां

Summary :

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर राज्य में सड़कों की जर्जर हालत को लेकर तंज कसते हुए राजद नेता तेजस्वी यादव ने उन्हें सड़कों पर यात्रा करने की चुनौती दी है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर राज्य में सड़कों की जर्जर हालत को लेकर तंज कसते हुए राजद नेता तेजस्वी यादव ने उन्हें सड़कों पर यात्रा करने की चुनौती दी है। तेजस्वी गुरुवार को कुशेश्वर अस्थान निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव प्रचार पर थे।

अगर CM ऐसा करते हैं तो उनकी हड्डियां टूट जाएंगी

उन्होंने निर्वाचन क्षेत्र में सड़कों की खराब स्थिति दिखाते हुए एक वीडियो अपलोड किया और एनडीए सरकार पर हमला करते हुए कहा कि इस क्षेत्र के लोग पिछले 16 वर्षों से गड्ढों और कीचड़ वाली सड़कों के साथ रह रहे हैं। तेजस्वी ने कहा, “मैं नीतीश कुमार को इस सड़क पर यात्रा करने की चुनौती देना चाहता हूं, अगर वह ऐसा करते हैं तो उनकी हड्डियां टूट जाएंगी।”
नीतीश कुमार राज्य के लोगों का सामना करने से डरते हैं
राजद नेता ने दावा किया, “नीतीश कुमार राज्य के लोगों का सामना करने से डरते हैं। इसलिए वह चुनाव प्रचार के लिए हेलीकॉप्टर से यात्रा करते हैं।” तेजस्वी दरभंगा के कुशेश्वर अस्थान और मुंगेर जिले के तारापुर में क्रमश: पार्टी प्रत्याशी गणेश भारती और अरुण कुमार शाह के पक्ष में रोड शो और घर-घर जाकर प्रचार कर रहे हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों – कुशेश्वर अस्थान और तारापुर में 30 अक्टूबर को उपचुनाव होने जा रहे हैं।

Desk Team