बिहार चुनाव में आलू और प्याज की एंट्री, 60 घोटालों के आरोप में तेजस्वी ने CM नीतीश को घेरा

Summary :

राजद नेता ने कहा कि “बिहार में 60 घोटाले हुए हैं, जिसमें करीब 30,000 करोड़ के खजाने की सेंध मारी गई। आपदा की घड़ी में भी पैसे का कोई हिसाब नहीं मिला। भ्रष्टाचार काफी बढ़ा है, बिना घूस दिए कोई काम नहीं हो पाता।”

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए अब सिर्फ दो दिन शेष रहा है। इस बीच राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर महंगाई और महामारी को लेकर तंज करते हुए कि नीतीश जी ने एक परंपरा बना दी है कि एक भी काम बिना चढ़ावे के नहीं हो पाता।
राजद नेता ने कहा कि “बिहार में 60 घोटाले हुए हैं, जिसमें करीब 30,000 करोड़ के खजाने की सेंध मारी गई। आपदा की घड़ी में भी पैसे का कोई हिसाब नहीं मिला। भ्रष्टाचार काफी बढ़ा है, बिना घूस दिए कोई काम नहीं हो पाता। नीतीश जी ने एक परंपरा बना दी है कि एक भी काम बिना चढ़ावे के नहीं हो पाता।”
उन्होंने कहा कि “प्याज 100 रुपये के करीब पहुंचने वाला है। रोज़गार नहीं है, लोगों के खाने के लाले पड़े हैं। प्याज 50-60 रुपये किलो होने पर प्याज का रोना जो लोग रोते थे अब ये लोग कहां हैं, अब तो प्याज 80 के पार है। देशभर में गरीबों को पूछा नहीं जा रहा है, उन पर हमले किए जा रहे हैं।”
बता दें कि इससे पहले बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी ने रविवार को ट्वीट कर आरोप लगाया, ‘‘आदरणीय नीतीश पूर्णत: उर्जाविहीन हो चुके हैं। उनकी पकाउ, थकाउ, उबाउ, बासी और घिसी-पिटी बातों से जनता पक चुकी है। थक चुके नीतीश कुमार जी वास्तविकता, तर्क और तथ्यों से भाग रहे हैं। बिहार के करोडों युवाओं का वर्तमान और भविष्य बर्बाद कर वो इतिहास के बासी पन्नों को पलट रहे हैं।’’

Desk Team