बिहार में विपक्षी राजद ने शुक्रवार को केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह जाति आधारित जनगणना कराने के राज्य की ‘‘एकमत’’ मांग से वह पीछे हट रही है। पार्टी के नेता तेजस्वी यादव ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में चेतावनी दी कि अगर नरेंद्र मोदी सरकार ने इस पर ध्यान नहीं दिया तो राज्य के नेता ‘‘जंतर-मंतर पर तब तक धरना देंगे जब तक कि उनकी बात नहीं सुनी जाती है।’’
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे गए पत्र का जिक्र करते हुए यादव ने कहा, ‘‘यह दुखद है कि प्रधानमंत्री ने जवाब भी नहीं दिया।’’ कुमार ने करीब एक हफ्ते पहले पत्र लिखकर प्रधानमंत्री से इस मुद्दे पर चर्चा के लिए मुलाकात करने का समय मांगा था।
यादव ने कहा, ‘‘ऐसा तब हो रहा है जब बिहार के लोगों ने लोकसभा चुनाव में राजग को बढ़-चढ़कर वोट दिया और भाजपा नीत गठबंधन ने 40 में से 39 सीटों पर जीत दर्ज की।’’ यादव की पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली लेकिन दो वर्ष बाद हुए विधानसभा चुनावों में उन्होंने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विपक्ष के नेता ने कहा कि पत्र का जवाब नहीं देकर प्रधानमंत्री हमारे मुख्यमंत्री का ‘‘अपमान’’ कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



