पूर्व उपराष्ट्रपति के अमेरिका के कार्यक्रम में दिए गए बयान को पूरा देश नकारता है : शाहनवाज

Summary :

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने अमेरिका की एक संस्था के कार्यक्रम में पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के दिए गए बयान को भारत को बदनाम करने वाला बताते हुए कहा कि अंसारी के बयान को पूरा देश नकारता है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने अमेरिका की एक संस्था के कार्यक्रम में पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के दिए गए बयान को भारत को बदनाम करने वाला बताते हुए कहा कि अंसारी के बयान को पूरा देश नकारता है।
बिहार के उद्योग मंत्री हुसैन ने यहां भाजपा कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में गुरुवार को कहा कि पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी की कई विवादित चीजें हैं, जिसके लिए उन्हें देश ने माफ नहीं किया है। इसके बाद अमेरिका की ऐसी परिषद जो भारत के खिलाफ बराबर आग उगलती है उसके मंच से जो बातें कही वो देश नकारता है। हुसैन ने कहा कि भारत को बदनाम करने वाली संस्था आईएएमसी के कार्यक्रम में उन्हें जाना नही चाहिए था।इस संस्था के प्रमुख ने भारत विरोधी काम किया है।
हुसैन ने कहा, जिस तरह की गुफ्तगू उस कार्यक्रम में की गयी वह कतई सही नही।भारत मे मुसलमान सबसे ज्यादा सुरक्षित है। भारतीय मुसलमानों के लिए भारत से अच्छा देश, हिंदू से अच्छा दोस्त और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बेहतर नेता कोई हो नहीं सकता। इस देश में सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास है। हुसैन ने कहा कि आज हामिद अंसारी से पूरा देश पूछता है, जिस देश ने इतना सम्मान दिया, नम्बर 2 की कुर्सी दी, आपके जेहन में भारत के लिए ऐसा क्यों है ये भारत जानना चाहता है।
भाजपा नेता ने कहा कि आज पूरा देश अंसारी की बातों की आलोचना करता है। इस कार्यक्रम में शिरकत कर उन्होंने देश की मर्यादा तोड़ी है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश एकजुट है।

Desk Team