पटना: आप के प्रदेश मीडिया प्रभारी राजेश सिन्हा तथा पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता बब्लू प्रकाश ने दिल्ली विधानसभा में 21 मार्च को पेश किए जाने वाले बजट को गृह मंत्रालय के द्वारा एक दिन पूर्व रोक लगाये जाने की घटना को लोकतंत्र के लिए काला दिन कहा है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में अघोषित आपातकाल की स्थिति उत्पन्न हो गयी है।
उन्होंने कहा कि एक जहां आम जनता एवं विपक्ष के बोलने की आजादी पर रोक लगा दी गयी है वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री को देश से भी बड़ा बनाने की साजिश रची जा रही है। शिक्षा एवं स्वास्थ्य पर उत्कृष्ट कार्य करने वालों को जेल में बंद किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर देश की जनता के टैक्स के पैसों के माध्यम से देश के चंद निजी उद्योगपतियों का हजारों करोड़ रूपए लोन माफ कर दिया जा रहा है।
दिल्ली के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि राज्य सरकार द्वारा पेश किए जाने वाले बजट को ठीक एक दिन पहले रोका गया हो। समयानुसार बजट के नहीं पेश होने के कारण वहाँ के शिक्षकों, चिकित्सकों एवं अन्य सरकारी कर्मियों को समय पर वेतन भुगतान के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण कार्य बाधित होंगे।


Download Android App
Download iOS App



