बिहार में भारत-नेपाल सीमा पर दो बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

Summary :

सीमा पर संदिग्ध गतिविधि, महिला समेत दो गिरफ्तार

बिहार के किशनगंज में पुलिस ने दो बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया, जो नेपाल जाने की कोशिश में थे। सशस्त्र सीमा बल और पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। दोनों के पास से भारतीय आधार कार्ड और अन्य सामान बरामद हुआ। मामला दर्ज कर जांच जारी है।

बिहार के किशनगंज जिले के सुखानी थाना क्षेत्र से पुलिस ने एक महिला सहित दो बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया। दोनों नेपाल जाने की फिराक में थे। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और सुखानी थाना को गुप्त सूचना मिली कि दो संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक, जिसमें एक महिला भी है, वे दोनों सीमा स्तंभ संख्या-119/01 होकर भारत से नेपाल जाने की कोशिश में हैं। बताया गया कि उक्त सूचना के आधार पर सुखानी थाना पुलिस एवं एसएसबी ने टीम बनाकर सीमा के समीप निगरानी बढ़ा दी। इसी क्रम में एक पुरुष एवं एक महिला को संदिग्ध अवस्था में कादोगांव की ओर से सीमा की तरफ जाते देखा गया। इसी क्रम में जब दोनों को पुलिस ने रुकने को कहा तो दोनों भागने लगे। इसके बाद पुलिस बल के सहयोग से दोनों को पकड़ा गया।

पटना में क्रेता-विक्रेता सम्मेलन से बिहार के मखाना व्यापार को बढ़ावा

पुलिस के मुताबिक, दोनों ने पूछताछ में अपना नाम शफीकुल इस्लाम (32) और परी खातून (25) बताया। जब दोनों से भारत में रहने से संबंधित कोई वैध कागजात की मांग की गई, तो उन्होंने कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए। दोनों बांग्लादेशी नागरिक बताए जा रहे हैं। इस संबंध में सुखानी थाना में सुसंगत धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। दोनों के पास से एक मोबाइल फोन, चार्जर, कपड़ा एवं परी खातून का भारतीय आधार कार्ड बरामद किया गया है।

उल्लेखनीय है कि तीन दिन पहले बोधगया में एक बांग्लादेशी नागरिक पकड़ा गया था। वह अपनी असली पहचान छुपाकर चोरी-छुपे बोधगया के एक मॉनेस्ट्री में रह रहा था। बांग्लादेशी नागरिक बोधगया के स्लीपिंग बुद्धा मॉनेस्ट्री में भिक्षु बनकर रह रहा था।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.