Nitish Kumar के नेतृत्व में बिहार चुनाव लड़ेंगे और ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे: Chirag Paswan

Summary :

बिहार चुनाव: नीतीश कुमार की अगुवाई में NDA की 225 सीटों पर जीत का दावा

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शनिवार को अपने लोकसभा क्षेत्र हाजीपुर में मीडिया से बात करते हुए आगामी बिहार चुनाव पर बात की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हम चुनाव लड़ेंगे। इस बार की जीत ऐतिहासिक होगी।

चिराग पासवान ने दावा किया कि एनडीए बिहार चुनाव में 225 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करके एक बार फिर से सरकार बनाने जा रही है। ये पीएम मोदी की सोच और डबल इंजन वाली सरकार होगी। यह सरकार सही मायनों में बिहार को अगले पांच साल में विकसित राज्य बनाने की दिशा में काम करेगी।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने आगे कहा, जैसे केंद्र में पीएम मोदी का चेहरा है, वैसे ही बिहार में नीतीश कुमार का है। विपक्षी अपनी जमीन को खोते हुए देखकर बौखला रहे हैं और उल्टे-सीधे बयान दे रहे हैं। राजद और कांग्रेस के बीच आपस में ताल-मेल नहीं बैठ पा रहा है। कांग्रेस इस बार राजद के दबाव में आए बिना आगे बढ़ने का प्रयास कर रही है। ऐसे में उन्हें डर है कि उनका खुद का गठबंधन चुनाव आते-आते खत्म हो जाएगा। वहीं, दूसरी तरफ पांच दलों का गठबंधन, जीत का गठबंधन है।

चिराग ने उपचुनाव के नतीजों का उदाहरण देते हुए कहा, हमने उपचुनाव में ऐसी सीटों को जीतने का काम किया, जो एनडीए कई सालों से नहीं जीत पाया था। यह हमारे गठबंधन और डबल इंजन की मजबूती दिखाता है।

नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में सक्रिय होने के सवाल पर उन्होंने कहा, ये फैसला निशांत को स्वंय लेना है कि उन्हें राजनीति में आना है कि नहीं। अगर वो आते हैं तो हम उनका स्वागत करेंगे।

बता दें कि बिहार के लिए यह साल चुनावी साल है। सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। बुधवार को नीतीश कैबिनेट का विस्तार भी किया गया था। साल के अंत में अक्टूबर-नवंबर के आसपास बिहार में चुनाव होने की संभावना जताई जा रही है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.