बिहार में पुलिस बहाली की प्रक्रिया शुरू हो गई है। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) राज्य में 19,838 पदों पर बहाली करने जा रही है। अभ्यर्थी इसके लिए 18 मार्च से आवेदन कर सकते हैं। इस बार महिला अभ्यर्थियों के लिए 6,717 पद आरक्षित होंगे।
केंद्रीय चयन पर्षद ने बिहार पुलिस में सिपाही पद के लिए मंगलवार को विज्ञापन जारी कर दिया। विज्ञापन संख्या 1/2025 के तहत 19,838 पदों के लिए यह बहाली निकाली गई है।
केंद्रीय चयन पर्षद के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि इसमें महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण का प्रावधान किया गया है। ऑनलाइन आवेदन भरने की प्रक्रिया 18 मार्च से शुरू होगी और आवेदन भरने की अंतिम तिथि 18 अप्रैल तक है।
उन्होंने केंद्रीय चयन पर्षद ने सिपाही भर्ती के अभ्यर्थियों को आगाह किया है कि वे विज्ञापन को सावधानीपूर्वक पढ़ें और विज्ञापन में दिए गए प्रावधानों, नियमों, शर्तों और दिशा-निर्देशों का पूरी तरह से अध्ययन करके ही फॉर्म भरें। अभ्यर्थियों को यह भी सुझाव दिया गया है कि चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों से संबंधित तैयारी अभी से प्रारंभ कर दें और लिखित परीक्षा या शारीरिक दक्षता परीक्षा जैसी तिथियों के प्रकाशन की प्रतीक्षा न करें।
अंबानी के जंगल Vantara में क्या देखा PM Modi ने ?
बताया गया है कि पहले चरण में 100 अंक की लिखित परीक्षा होगी। पेपर में वस्तुनिष्ठ प्रकार के प्रश्न होंगे। दो घंटे में सभी प्रश्न हल करने होंगे। हर सही जवाब के लिए एक अंक मिलेगा। दूसरे चरण में फिजिकल टेस्ट (शारीरिक दक्षता परीक्षा) होगी। इस टेस्ट के लिए आरक्षण श्रेणी और लिखित परीक्षा की मेरिट लिस्ट के अनुसार रिक्तियों के पांच गुना अभ्यर्थियों को बुलाकर चयन किया जाएगा।
अंतिम मेरिट लिस्ट लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता के लिए दौड़, गोला फेंक और ऊंची कूद में प्राप्त अंकों के योग के आधार पर तैयार की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



