बिहार में युवक ने पत्नी और बच्चे संग की आत्महत्या

Summary :

बिहार के जमुई जिले के बरहट थाना क्षेत्र में कथित रूप से एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बेटी को पहले जहरीला पदार्थ खिलाया और उसके बाद खुद पंखे से लटक गया।

बिहार के जमुई जिले के बरहट थाना क्षेत्र में कथित रूप से एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बेटी को पहले जहरीला पदार्थ खिलाया और उसके बाद खुद पंखे से लटक गया। इस घटना में तीनों की मौत हो गई। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन कर रही है। 
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि तेतरिया गांव निवासी मुकेश साव का शव उसी के घर में एक कमरे में पंखे से लटका मिला है। मृतक के परिजनों का कहना है कि मंगलवार रात मुकेश अपने कमरे में पहले अपनी पत्नी कौशल्या देवी (27) और तीन वर्षीय बच्ची राधिका को जहरीला पदार्थ खिला दिया और उसके बाद खुद पंखे से लटक कर अपनी जान दे दी। इस घटना में तीनों की मौत हो गई। 
बरहट के थाना प्रभारी अब्दुल हलीम ने बुधवार  को बताया कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें मुकेश साव ने अपने और अपने परिवार की मौत का जिम्मेदार खुद को बताया है। उन्होंने बताया, “तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।” 
इधर, मृतक के परिजनों का कहना है कि मृतक मुकेश चार बेटियों का पिता था और दुकान के लिए एक बैंक से कर्ज लिया था, जिसे वह भुगतान नहीं कर पा रहा था। इस कारण वह कई दिनों से तनाव में था। 

Desk Team