कोरोना से निपटने के लिए अक्षय कुमार ने पीएम फंड में दान करे 25 करोड़, फैंस से की ये अपील

Summary :

प्रधानमंत्री की अपील के 20 मिनट बाद ही बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार यानी अक्षय कुमार ने पहल करते हुए कोरोना वायरस ‘कोविड-19’ से निपटने के लिए बनाये गये पीएम-केयर फंड में 25 करोड़ रुपये का डोनेशन दिया है।

पूरा विश्व इस समय कोरोना वायरस के संकट से जूझ रहा है और भारत में इस वायरस से निपटने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं और संक्रमण के रोकथाम के लिए पूरे देश में लॉकडाउन घोषित किया हुआ है। इसी बीच देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम केयर फंड नाम के सहायता एवं आपात स्थिति राहत कोष के गठन की घोषणा की और उन्होंने देशवासियों से इसमें दान करने की अपील की है।
 
प्रधानमंत्री की अपील के 20 मिनट बाद ही बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार यानी अक्षय कुमार ने पहल करते हुए  कोरोना वायरस ‘कोविड-19’ से निपटने के लिए बनाये गये पीएम-केयर फंड में 25 करोड़ रुपये का डोनेशन दिया है। 
अक्षय ने ट्वीट कर कहा, ‘‘ इस वक्त हमारे लोगों की जिंदगी सबसे अहम है। हमें हरसंभव योगदान देना चाहिए। मुझे अपनी बचत से 25 करोड़ रुपए पीएम-केयर फंड में दान करने पर खुशी है। चलो जिंदगी बचाएं, जान है, तो जहान है।’’

अक्षय कुमार ने पीएम मोदी के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए फैंस से अपील की और कहा कि हर कोई अपनी क्षमता के अनुसार मदद के लिए आगे आये और देश को इस संकट से निकलने की लड़ाई में शामिल हो। 
बता दें, अक्षय कुमार ट्विटर पर काफी एक्टिव हैं और लोगों को घर के अंदर रहने और कोविड -19 को फैलने से रोकने के लिए लोगों से अपील करते आये है कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें और इस महामारी के खिलाफ लड़ाई में सहयोग करें।  कुछ दिनों पहले, उन्होंने अपने इंस्टाग्राम प्रोफ़ाइल पर एक वीडियो भी डाला, जिसमें उन्होंने उल्लंघन करने वालों की जमकर क्लास ली थी। 
वहीं, पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नागरिक सहायता एवं आपात स्थिति राहत कोष स्वस्थ भारत बनाने में काफी सहायक होगा । ’’उन्होंने कहा, ‘‘कोविड-19 के खिलाफ भारत के युद्ध में सभी वर्गों से लोगों ने दान देने की इच्छा व्यक्त की थी । ’’प्रधानमंत्री ने कहा कि इस कोष का गठन इसी भावना को ध्यान में रखते हुए किया गया है । साथ ही उन्होंने कहा कि यह फंड कोविड 19 जैसी कई विपरित परिस्थितियों में जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने का जरिया बनेगा।

Ujjwal Jain