बॉलीवुड के टैलेंटेड एक्टर्स में शुमार आयुष्मान खुराना ने अपनी मेहनत, शानदार एक्टिंग और सिंगिंग के दम पर इंडस्ट्री में एक अलग मुकाम हासिल किया है। रेडियो जॉकी के तौर पर करियर शुरू करने वाले आयुष्मान आज बॉलीवुड के सक्सेसफुल और पॉपुलर सितारों में गिने जाते हैं। आज यानी 14 सितंबर को एक्टर अपना जन्मदिन मनाने वाले है, ऐसे में चलिए एक नज़र डाल लेते हैं उनकी जर्नी, प्रॉपर्टी से लेकर नेटवर्थ तक सभी चीजों पर।
RJ से बॉलीवुड स्टार तक का सफर

आयुष्मान खुराना ने अपने करियर की शुरुआत बतौर रेडियो जॉकी की थी। इसके बाद उन्होंने टेलीविजन की दुनिया में भी काम किया। साल 2012 में फिल्म ‘विकी डोनर’ से उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया और अपनी पहली ही फिल्म से दर्शकों के बीच खास पहचान बना ली।
इसके बाद आयुष्मान ने ‘दम लगा के हइशा’, ‘बरेली की बर्फी’, ‘शुभ मंगल सावधान’, ‘बधाई हो’ और ‘आर्टिकल 15’ जैसी फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया। एक्टर होने के साथ-साथ आयुष्मान एक बेहतरीन सिंगर भी हैं। उन्होंने ‘पानी दा रंग’, ‘नज्म नज्म’ और ‘नैना दा कसूर’ जैसे पॉपुलर गानों में अपनी आवाज दी है।
कितनी है आयुष्मान की नेटवर्थ?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आयुष्मान खुराना की कुल नेटवर्थ करीब 80 करोड़ रुपये बताई जाती है। फिल्मों के अलावा वह ब्रांड एंडोर्समेंट और विज्ञापनों से भी अच्छी कमाई करते हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो, आयुष्मान एक फिल्म के लिए लगभग 10 से 15 करोड़ रुपये तक फीस लेते हैं। हालांकि, उनकी फीस फिल्म और प्रोजेक्ट के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है।
मुंबई में है आलीशान घर

आयुष्मान खुराना अपनी पत्नी ताहिरा कश्यप और परिवार के साथ मुंबई में एक शानदार घर में रहते हैं। उनका 7BHK अपार्टमेंट विंडसर ग्रांडे रेजिडेंस में है, जिसकी कीमत मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 19 करोड़ रुपये है। इसके अलावा एक्टर के पास मुंबई के गोरेगांव वेस्ट स्थित इंपीरियल हाइट्स टॉवर में भी एक अपार्टमेंट बताया जाता है। वहीं आयुष्मान का पंचकूला में भी घर है।
लग्जरी कारों के शौकीन हैं आयुष्मान

आयुष्मान खुराना को महंगी और लग्जरी गाड़ियों का भी शौक है। उनके कार कलेक्शन में Mercedes-Maybach GLS 600 और BMW 5 Series जैसी प्रीमियम कारें शामिल हैं। उनके गैराज में Toyota समेत कई महंगी गाड़ियां भी बताई जाती हैं। एक्टर ने अपनी मेहनत और टैलेंट के दम पर न सिर्फ बॉलीवुड में अपनी मजबूत पहचान बनाई है, बल्कि शानदार कमाई के साथ एक लग्जरी लाइफस्टाइल भी खड़ा किया है।


Download Android App
Download iOS App




