वेब सीरीज आश्रम 3 की शूटिंग के दौरान बजरंग दल का हमला, प्रकाश झा के मुंह पर फेंकी स्याही

Summary :

प्रकाश झा की वेब सीरीज आश्रम 3 को लेकर रविवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल काटा। कार्यकर्ताओं ने फिल्म के सेट पर तोड़फोड़ की। प्रकाश झा पर स्याही फेंकी गई।

बॉबी देओल की वेब सीरीज आश्रम के दोनों सीजन को बहुत पसंद किया गया था।  अब प्रकाश झा ने सीरीज के तीसरे सीजन की तैयारी शुरू कर दी है। भोपाल में आश्रम 3 की शूटिंग शुरू हो चुकी है। ये सीरीज पहले भी सुर्खियों का हिस्सा रह चुकी है और अब एक बार फिर सुर्खियों का हिस्सा बन गई है। 
भोपाल में बजरंग दल के लोगों ने आश्रम 3 के सेट पर तोड़-फोड़ की है। रिपोर्ट के मुताबिक बजरंग दल के लोगों ने प्रकाश झा के मुंह पर स्याही भी फेकी है। उनका कहना है कि सीरीज का नाम बदला जाना चाहिए नहीं तो वह मध्य प्रदेश में सीरीज की शूटिंग नहीं होने देंगे। 
शूटिंग पुरानी जेल (अरेरा हिल्स) में चल रही थी। आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने जेल परिसर के अंदर ही वेब सीरीज की यूनिट के कर्मचारियों के साथ मारपीट की। वैनिटी वैन समेत 5 गाड़ियों में तोड़फोड़ की। कई मीडियाकर्मी भी घायल हुए हैं। 
हालांकि, फिल्म डायरेक्ट प्रकाश झा ने पुलिस में शिकायत करने से इनकार कर दिया है। पुलिस का कहना है कि अभी तक शिकायत नहीं मिली है। आरोप है कि फिल्म में कथित तौर पर हिन्दु आश्रमों को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। मौके पर डीआईजी इरशाद वली समेत भारी पुलिसबल मौजूद है। फिल्म का नाम और स्क्रिप्ट नहीं बदलने तक बजरंग दल ने विरोध करने की बात कही है। 

Desk Team