जामिया प्रदर्शन पर बॉलीवुड सेलिब्रिटीज का रिएक्शन आया सामने, कुछ का फूटा गुस्सा तो कुछ ने किया समर्थन

Summary :

संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बाद जामिया मिल्लिया विवि रविवार को युद्ध मैदान में तब्दील हो गया था क्योंकि पुलिस ने परिसर में प्रवेश कर बल प्रयोग किया था । सोशल मीडिया पर जहां इस मामले में बॉलीवुड के शीर्ष सितारे, निर्देशक और निर्माता चुप रहे वहीं कई ऐसे भी थे जिन्होंने विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया ।

संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन हो रहे है और इसकी आग बीते दो दिनों में दिल्ली में भी जमकर भड़की है। जामिया मिल्लिया विश्वविद्यालयों के छात्रों के प्रदर्शन को रुकवाने के लिए दिल्ली पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। जामिया विवि के परिसर में घुसकर पुलिस ने छात्रों पर लाठियां बरसाई है जो अब जांच के घेरे में है। 
संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बाद जामिया मिल्लिया विवि रविवार को युद्ध मैदान में तब्दील हो गया था क्योंकि पुलिस ने परिसर में प्रवेश कर बल प्रयोग किया था । सोशल मीडिया पर जहां इस मामले में बॉलीवुड के शीर्ष सितारे, निर्देशक और निर्माता चुप रहे वहीं कई ऐसे भी थे जिन्होंने विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया । 

निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने ट्वीट कर लिखा- ‘जो लोग इस विधेयक का विरोध कर रहे हैं क्या उनमें से किसी को पता है कि आखिर ये है क्या? आपको क्या लगता है कि विरोध करने वाले और खुद को बुद्धजीवी कहने वालों ने इस बिल को विस्तार से पढ़ा होगा?’

इस साल अगस्त में ट्विटर छोड़ने वाले निर्देशक अनुराग कश्यप अपनी आवाज मुखर करने के लिए वापस सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लौटे। छात्रों के विरोध को जिस प्रकार से रोका गया उनका विरोध उसके लिए था। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘यह बहुत आगे चला गया है…. (मैं) अब और चुप नहीं बैठ सकता हूं । यह सरकार स्पष्ट रूप से फासीवादी है ।’’ 

अभिनेत्री तापसी पन्नू ने कहा कि परिसर के अंदर पुलिस कार्रवाई का वीडियो व्यथित करने वाला है। उन्होंने ट्वीटर पर लिखा, ‘‘आश्चर्य है कि यह एक शुरुआत या अंत है । चाहे जो भी हो, निश्चित तौर पर इससे कानून के नये नियम लिखे जा रहे हैं, जो इसमें फिट नहीं है वह बहुत अच्छे से इसका परिणाम देख सकता है। इस वीडियो ने सबका दिल और उम्मीद एक साथ तोड़ा है । अपरिवर्तनीय क्षति, और मैं सिर्फ जीवन और संपत्ति के बारे में बात नहीं कर रही हूं ।’’ 

फिल्म अभिनेत्री कोंकणा सेन शर्मा ने कहा, ‘‘हम लोग छात्रों के साथ हैं । दिल्ली पुलिस आपको शर्म आनी चाहिए ।’’ 

अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने ट्वीट किया कि ‘यह दुखद है। क्या किसी देश में यह सामान्य है? इतने फोर्स की क्या जरुरत है? स्टूडेंट्स के लाइब्रेरी के अंदर आंसू गैस कौन छोड़ रहा है?’

’ 

इसके अलावा अभिनेत्री सयानी गुप्ता, राजकुमार राव, दक्षिण के अभिनेता सिद्धार्थ, अभिनेता मोहम्मद जीशान अयूब, लेखक कमेडियन वरूण ग्रोवर, अभिनेता अली फैजल, स्वरा भास्कर समेत कई लोगों ने इसकी आलोचना की । 

Ujjwal Jain