कहते हैं हंसने से दिल की सेहत अच्छी रहती है, लेकिन सबको हंसाते-हंसाते कॉमेडियन सुनील ग्रोवर अपने दिल का ख्याल करना भूल गए। पिछले हफ्ते ही सुनील को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था और उसी के बाद 27 जनवरी के दिन उनकी हार्ट सर्जरी हुई। हालांकि, अब सुनील खतरे से बाहर हैं और पहले से बेहतर भी हैं पर ये बेहद चिंताजनक है कि इतनी कम उम्र में उन्हें दिल की दिक्कतें शुरू हो गई हैं।

मशहूर कॉमेडियन सुनील ग्रोवर को हाल ही में दिल का दौरा पड़ने के कारण मुंबई के एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया था। एक सफल सर्जरी के बाद सुनील ग्रोवर को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सुनील ग्रोवर का इलाज करने वाले डॉक्टर का कहना है कि उनको न केवल दिल का दौरा पड़ा था, बल्कि वह कोरोना वायरस पॉजिटिव भी थे। डॉक्टर ने बताया कि उन्हें अस्पातल में भर्ती करने के लिए बीते 8 जनवरी को लाया गया था, लेकिन उस वक्त वह कोरोना वायरस से संक्रमित थे।
डॉक्टर ने इस बारे में आगे बताया कि करीब एक सप्ताह बाद सुनील ग्रोवर की एंजियोग्राफी की गई थी, जिसमें पता चला कि उनकी तीन धमनियां पूरी तरह से ब्लॉक थीं। डायग्नोसिस के बाद उनकी बायपास सर्जरी की गई। सुनील ग्रोवर की सर्जरी करने वाले डॉक्टर पांडा ने एएनआई से बातचीत के दौरान कहा, “उन्हें सभी प्रकार के धमनी ग्राफ्ट दिये गए हैं, ऐसे में उनके दीर्घकालिक परिणाम अच्छे होने चाहिए और उचित देखभाल के जरिए उन्हें सामान्य जीवन में सक्षम बनाया जा सकता है, इसमें उचित आहार, योग, व्यायाम और दवइयां शामिल हैं।”

खास बात तो यह है कि सुनील ग्रोवर के डिस्चार्ज होने से पहले अस्पताल के बाहर फैंस की भीड़ जमा हो गई थी। ऐसे में कॉमेडियन ने भी डिस्चार्ज होकर फैंस से मुलाकात की। इससे जुड़ा उनका वीडियो भी सुर्खियां बटोर रहा है। बता दें कि सुनील ग्रोवर के बिगड़े स्वास्थ्य को लेकर बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस सिमी गरेवाल ने ट्वीट किया था और उनके जल्द से जल्द ठीक होने की कामना की थी। सिमी गरेवाल ने ट्वीट में लिखा था, “मैं इस बात से हैरान हूं कि सुनील ग्रोवर की हार्ट सर्जरी हुई है। अपनी जान की कीमत पर वह हमारे दिल को खुशी और हंसी से भर देते हैं। मैं दुआ करता हूं कि वह जल्दी ठीक हो जाएं। मैं उनकी बहुत बड़ी फैन हूं।”


Download Android App
Download iOS App



