इस शुक्रवार रिलीज़ हुई अजय देवगन की फिल्म तानाजी – द अनसंग वारियर का जलवा बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रहा है और फिल्म ने अपने पहले वीकेंड पर बम्पर कलेक्शन बटोरा है। इस फिल्म के साथ ही रिलीज़ हुई दीपिका पादुकोण स्टारर छपाक के कलेक्शन में भी रविवार को मामूली बढ़त देखने को मिली।

15 करोड़ की जबरदस्त ओपनिंग के साथ शुरुआत करने वाली फिल्म तानाजी ने दूसरे दिन 20 करोड़ से ऊपर का कलेक्शन बटोरा था। तीसरे दिन भी तानाजी को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला और फिल्म के कलेक्शन ने शानदार उछाल के साथ 26.08 करोड़ का कलेक्शन किया।

बॉक्स ऑफिस विश्लेषक तरुण आंनद ने ट्वीट करके जानकारी दी कि फिल्म तानाजी के लिए पहले वीकेंड बेहद शानदार गुजरा और फिल्म ने पहले तीन दिनों में 61.75 करोड़ का बेहतरीन कलेक्शन बटोरा है। फिल्म को न सिर्फ मल्टीप्लेक्सों बल्कि छोटे शहरों में भी भरपूर दर्शक मिल रहे है।

वहीं फिल्म छपाक की बात की जाए तो 4.77 करोड़ की ओपनिंग से शुरुआत करने के बाद फिल्म ने शनिवार को 6 करोड़ की कमाई के बाद , रविवार को 7.35 करोड़ का कलेक्शन किया है। फिल्म छपाक का बजट करीब 45 करोड़ का है और इस बात की उम्मीद कम है कि फिल्म अपने बजट के बराबर भी कलेक्शन बटोर पायेगी।

वहीं फिल्म तानाजी : द अनसंग वारियर का बजट करीब 110 करोड़ रूपए है। अजय देवगन , काजोल और सैफ अली खान स्टारर फिल्म तानाजी को भारत में 3,880 और विदेश में 660 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया है। देखना दिलचस्प होगा कि अब ये फिल्म वीकडेज़ में अपनी रफ़्तार कायम रख पाती है या नहीं।

फिल्म तानाजी को फैंस के साथ – साथ क्रिटिक से भी अच्छा रेस्पॉन्स मिल रहा है और अजय देवगन के साथ साथ फिल्म में नेगेटिव किरदार निभा रहे सैफ अली खान को भी अपने परफॉरमेंस के लिए खूब तारीफ मिल रही है। फिल्म को माउथ पब्लिसिटी का भी जबरदस्त फायदा होता नजर आ रहा है।


Download Android App
Download iOS App



